MELBORN. ऑस्ट्रेलिया के लाजमानु शहर में हैरान करने वाली अजीबो-गरीब घटना हुई है। यहां आसमान से मछलियों की बारिश की खबर जिसने भी देखी और सुनी वह हैरान रह गया। मंगलवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई और साथ ही आसमान से मछलियां गिरने लगीं। उनमें से कई जिंदा थी, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।
लजमान में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। इस वजह से सभी ने बचने के लिए घरों में बंद करने लगे। बारिश रुकने के बाद पूरे इलाके में मछलियां गिरी हुई मिलीं। इस घटना ने लोगों को हैरत में डाल दिया। घटना के बारे में सेंट्रल डेजर्ट रीजनल एडवाइजर एंड्रयू जॉनसन जापानंगका ने कहा- कस्बे में एक बड़ा तूफान आया था। तेज बारिश से लोग दहशत में आ गए। मगर, अगले ही पल आसमान से मछलियों की बारिश देख लोग हैरान रह गए। क्वींसलैंड म्यूजियम के इचिथोलॉजिस्ट जेफ जॉनसन के अनुसार, हाल ही में गिरी हुई मछली स्पैंगल्ड पर्च प्रजाति की थी।
बवंडर के साथ नदियों से बाहर आ जाती हैं मछलियां
आसमान से बरस रही मछलियां जब करीब से देखी गईं, तो उनमें से कई अभी भी जीवित थीं। यह देखकर लोग आश्चर्यचकित हो गए। वे इन मछलियों को पकड़कर बोतलों में डालने लगे, ताकि उनकी जान बचाई जा सके। घटना के संबंध में मौसम विज्ञानियों ने बताया कि तेज बवंडर आने पर नदियों के पानी के साथ-साथ मछलियां भी तूफान के साथ खिंच जाती हैं। फिर ये मछलियां बारिश के साथ कई किलोमीटर दूर गिर जाती हैं।
स्थानीय लोग मानते हैं भगवान का आशीर्वाद
हालांकि, स्थानीय लोग इस घटना को भगवान का आशीर्वाद मानते हैं। साल 2010 में भी लजमान के रहवासियों ने आसमान से मछलियों की बारिश को होते हुए देखा था। ऐसी ही एक घटना 2020 में हजारों किलोमीटर दूर एक अन्य सुदूरवर्ती शहर योवाह में हुई थी।