JAGDALPUR. भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज मां दंतेश्वरी विमानतल जगदलपुर बस्तर पहुंचे। विमानतल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं व पार्टी पदाधिकारियों ने अगवानी की। जेपी नड्डा एक दिवसीय बस्तर के दौरे के दौरान दंतेश्वरी माता का दर्शन की। इसके बाद नड्डा बीजेपी कार्यालय में बस्तर लोक सभा के कोर ग्रुप और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक ले रहे हैं। इसके बाद जगदलपुर के लाल परेड ग्राउंड में आम सभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद नारायणपुर रवाना होंगे। नारायणपुर में बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष सागर साहू के परिजनों से मुलाकात करेंगे। भाजपा अध्यक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी देंगे।
जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने नारायणपुर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सागर साहू तथा हाल ही में भाजपा कार्यकर्ता बुधराम कारटाम और नीलकंठ कक्केम की हत्या के शोक स्वरूप स्वागत, ढोल नगाड़े, आतिशबाजी जैसे कार्यक्रम निरस्त कर दिए थे। लिहाजा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की सामान्य रूप से अगवानी की गई। इस अवसर पर भाजपा सहप्रभारी नितिन नबीन, अजय जमवाल, पवन साय, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सांसद संतोष पांडे, महामंत्री केदार कश्यप, दिनेश कश्यप, किरण सिंहदेव, संतोष बाफना आदि भाजपा नेता विमानतल पर मौजूद रहे।
नारायणपुर के छोटेडोंगर में कल देर शाम भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सागर साहू की घर मे घुस कर नक्सलियों ने हत्या कर दी। सागर साहू अपने घर में टीवी देख रहे थे। परिजनों ने बताया कि इसी दौरान दो व्यक्ति बाइक सवार उनके घर पँहुचे और उनसे बात चीत करने के दौरान उन्हें गोली मार दिए। नक्सलियों ने कनपट्टी में गोली मारी और और नक्सली नारा लगाते हुए वहां से फरार हो गए। जिसके बाद उन्हें पास के उपस्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। स्थिति गम्भीर होने के बाद उन्हें छोटेडोंगर से जिला अस्पताल नारायणपुर लाया गया। वहीं डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।