TIRANDAJ.COM अजय देवगन और रोहित शेट्टी की जोड़ी एक बार फिर से बड़े पर्दे पर धूम मचाने की तैयारी कर रही है। अजय देवगन ने रोहित शेट्टी से ‘सिंघम अगेन’ की स्क्रिप्ट सुनी और खुद इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। यह उन दोनों की एक साथ 11वीं फिल्म होगी। अजय ने पटकथा की प्रशंसा की और लिखा कि ‘भगवान ने चाहा तो यह हमारी 11वीं ब्लॉकबस्टर फिल्म होगी। फिल्म में फिर से अजय देवगन एक पुलिस वाले की भूमिका में नजर आएंगे।

इस बार कौन बनेगी अजय देवगन की हीरोइन
सिंघम मूवी साल 2011 में आई थी, जिसमें अजय देवगन के साथ मुख्य अभिनेत्री के रूप में काजल अग्रवाल थीं। तीन साल बाद ‘सिंघम रिटर्न्स’ रिलीज हुई, जिसमें करीना कपूर उनकी हीरोइन बनी थीं। दोनों ही फिल्में जबरदस्त हिट रहीं। ‘सिंघम अगेन’ के जरिये अब लोगों को अपना दीवाना बनाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, अजय के साथ लीड एक्ट्रेस कौन होंगी इसके बारे में अभी कुछ भी नहीं बताया गया है। इसके साथ ही फिल्म के अन्य कलाकारों के नाम भी नहीं जाहिर किए गए हैं।

आखिरी फिल्म पिछले साल की सुपरहिट दृश्यम 2 थी
‘गोलमाल’ और ‘सिंघम’ जैसी ब्लॉकबस्टर हिट के सीक्वल देने वाली यह जोड़ी फिर से साथ काम करने के लिए तैयार है। इस जोड़ी की आखिरी फिल्म 2022 में रिलीज हुई सुपरहिट ‘दृश्यम 2’ रही है। हालांकि, ‘सर्कस’ की असफलता की वजह से साल के अंत में रोहित शेट्टी जरूर निराश हुए हैं। मगर, रोहित शेट्टी ‘सिंघम अगेन’ के जरिए एक और सुपरहिट फॉर्मूले के साथ एक और ब्लॉकबस्टर की तैयारी कर रहे हैं।





































