DURG. दुर्ग शहर विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन के प्रथम आगमन पर पटेल चौक पर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद जिला भाजपा कार्यालय के पहुंचने पर महिलाओं ने सनातन संस्कृति के अनुरूप पुष्प वर्षा करके तिलक लगाकर आरती से उनका स्वागत किया। पार्टी कार्यालय में प्रदेश सह-प्रभारी ने प्रत्येक कार्यकर्ता से वन टू वन भेंट मुलाकात करते हुए दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों एवं मुद्दों पर फीडबैक लिया।

विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता बैठक में नितिन नबीन ने शक्ति केंद्र एवं बूथ लेवल पर चल रही पार्टी की गतिविधियों की जानकारी मांगी। विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केवल पद में रहकर कार्यकाल पूरा करना ही कार्यकर्ता का उद्देश्य नहीं होना चाहिए बल्कि पद के साथ जुड़े हुए दायित्वों को भी सही रूप से निभाना आवश्यक है, तभी पार्टी का और स्वयं कार्यकर्ता का भविष्य अच्छा होता है। दुर्ग जिले के कार्यकर्ता सक्रियता से अपनी भूमिका निभा रहे हैं लेकिन अपने कार्यों में और गति लाने की आवश्यकता है। प्रदेश कांग्रेस सरकार की विफलता को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका को और अधिक बढ़ाने की जरूरत है। नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया में सक्रियता दिखाने के आवश्यक टिप्स भी दिए।


भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और राज्यसभा सांसद डॉ सरोज पाण्डेय ने कहा कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र की परिस्थितियां बाकी विधानसभाओं से बिल्कुल अलग है। वर्तमान विधायक के अनावश्यक हस्तक्षेप के कारण दुर्ग नगर निगम के काम आज विधानसभा चुनाव का प्रमुख मुद्दा है।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि दुर्ग विधानसभा के कार्यकर्ता बेहद उत्साही और कर्मनिष्ठ हैं, दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में चल रही सरकार की अनियमितताओं घोटालों और भ्रष्टाचार को जनता के बीच ले जाने में जुटे हैं। वहीं जितेन्द्र वर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि दुर्ग जिले के भाजपा कार्यकर्ता जन विरोधी भूपेश सरकार का तख्तापलट करने के लिए कमर कसकर हर परिस्थिति से लड़ने को तैयार हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा शामिल रहे, बैठकों का संचालन जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर ने किया एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री नटवर ताम्रकार ने किया।







































