RAIPUR. छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा के मामले लगातार सुनाई देते ही रहते हैं। इसी के खिलाफ राष्ट्रिय जांच एजेंसी (NIA) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एनआईए ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर से एक नक्सली महिला को गिरफ्तार किया है। इस महिला के ऊपर तर्रेम मुठभेड़ मामले में पकड़वाने पर इनाम भी रखा गया था। इस नक्सली महिला की गिरफ़्तारी बीजापुर जिले के भोपालपट्नम क्षेत्र से की गई है। गिरफ्तार की गई नक्सली महिला का नाम मड़काम उनगी उर्फ़ कमला बताया जा रहा है। इस बात की आधिकारिक पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार NIA को नक्सली महिला कमला के भोपालपट्नम क्षेत्र में छिपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद राजधानी रायपुर से NIA की एक टीम ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए बीजापुर रवाना हुई। जहां ऑपरेशन को सफल बनाते हुए NIA के टीम ने भोपालपट्नम से महिला नक्सली कमला को गिरफ्तार कर लिया है। नक्सली कमला से पूछताछ करने के बाद 29 जनवरी को उसे जगदलपुर की विशेष न्यायलय में पेश किया गया।

महिला नक्सली के ऊपर इसलिए रखा गया था इनाम
दरअसल 03 अप्रैल 2021 को लगभग हथियारों से लैश 400 माओवादियों ने बीजापुर जिले के तर्रेम पुलिस थाना क्षेत्र स्थित टेकलगुडियम गांव के पास सुरक्षा बल के जवानों पर हमला कर दिया था। इस हमले में नक्सलियों ने बैरल ग्रेनेड लांचर(बीजीएल) के साथ आटोमेटिक हथियारों का इस्तेमाल किया था।
इस हमले में लगभग 22 जवान शहीद हुए थे, और 30 अधिक जवान घायल हो गए थे। नक्सलियों ने हमले के बाद जवानों के हथियार और गोला-बारूद लूट लिए थे तो वहीं कोबरा के एक कमांडो राकेश्वर सिंह मन्हास का अपहरण कर लिया था। हालांकि बाद में राकेश्वर को रिहा कर दिया गया था। इस हमले में गिरफ्तार हुई नक्सली महिला भी शामिल थी।





































