BILASPUR. छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में शुक्रवार रात एक महिला रेलवे ट्रैक के किनारे बुरी तरह से झुलसी हुई मिली। महिला के कराहने की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन बयान लेने से पहले ही उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। अब तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। यहां उसलापुर स्टेशन से आगे महावीर नगर के ठेठा डबरी रेलवे ट्रैक के किनारे एक महिला के कराहने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग वहां पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक महिला बुरी तरह आग से झुलस चुकी है। उसका लगभग 70 फीसदी शरीर का हिस्सा बुरी तरह से झुलस चूका था। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, इसके बाद तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

नहीं लिया जा सका बयान
थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने कहा कि मैजिस्ट्रेट के सामने महिला का बयान कराने का प्रयास किया गया। लेकिन महिला कुछ बता नहीं पाई, हालांकि वो महिला छत्तीसगढ़ी में कुछ बताने का प्रयास जरूर कर रही थी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला छत्तीसगढ़ की ही निवासी थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। महिला की उम्र लगभग 37 वर्ष होगी। पुलिस उसकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





































