BHILAI. दुर्ग संभाग स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन दुर्ग में किया जाएगा। यह दो दिवसीय आयोजन 22 से 23 दिसंबर के बीच होगा। इसमें विभिन्न स्पर्धा में जिले और संभाग के खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।
संभाग स्तरीय युवा महोत्सव 2022-23 का आयोजन 22 से 23 दिसंबर तक दुर्ग में किया जाएगा। आयोजन सिविक लाइन के निकट सुराना कॉलेज मैदान में सुबह नौ बजे से आरंभ होगा। इस आयोजन का शुभारंभ 22 दिसंबर गुरुवार को मैदान में आयोजित किया जाएगा।
– यहां होगा आयोजन
इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। इस आयोजन में 15 से 40 वर्ष और 40 से अधिक उम्र के लोग हिस्सा लेंगे। इसके अंतर्गत शासकीय महात्मा गांधी स्कूल में कुश्ती स्पर्धा होगी। पुरुष प्रतिभागियों के लिए पद्मनाभपुर स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार ठहरने की व्यवस्था की गई है। महिला प्रतिभागियों के लिए जल परिसर स्थित महिला छात्रावास में व्यवस्था की गई है।
युवा महोत्सव आयोजन के संपर्क अधिकारी के तौर पर दुर्ग के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक विलियम लकड़ा व पोखन लाल साहू, प्रदीप कुमार भुवाल, निखिल कुमार जामुलकर और जयंत वर्मा होंगे।
इन इवेंट में होगी टक्कर
इस दौरान सुराना महाविद्यालय दुर्ग में लोकनृत्य, सुआ, करमा, सरहुल, राउत नाचा, पंथी, बस्तरिहा, पारम्परिक वेशभूषा, चित्रकला, निबंध, क्वीज, वाद-विवाद, तात्कालीन भाषण, लोककला फूड फेस्टिवल, एकांकी नाटक, खो-खो, कबड्डी, गेडी, फुगडी, भौंरा स्पर्धा होगी।
कन्या विद्यालय में लोक गीत, ओडिशी, मणिपुरी, कथक, शास्त्रीय गायन, हिन्दुस्तानी शैली, भरतनाट्यम, कुचीपुणी, वादन कला-सितार, बांसुरी, तबला, वीणा, हारमोनियम, गिटार में प्रतिभागी दम दिखाएंगे। शासकीय माहात्मा गांधी विद्यालय में कुश्ती स्पर्धा होगी। 15 से 40 आयु वर्ग के प्रतिभागी 22 दिसंबर और 40 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागी 23 दिसंबर को भाग लेंगे।