RAIPUR. छत्तीसगढ़ पुलिस केंद्रीय कल्याण समिति और संयुक्त परामर्शदात्री परिषद की बैठक पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में हुई। मुख्यालय के पुलिस अधिकारियों तथा प्रदेश के सभी पुलिस इकाइयों से आए समिति के सदस्य इसमें शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था का विषय हो या नक्सल अभियान या फिर नक्सल प्रभवित क्षेत्रों में विकास कार्य में लगातार सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन (गृह विभाग) पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण के लिए हमेशा गंभीर है। उन्होंने कहा कि पुलिस कल्याण के लिए बहुत से कार्य के लिए स्थानीय इकाई प्रमुख स्वयं सक्षम है। पुलिस मुख्यालय स्तर पर हरसंभव आर्थिक सहयोग दिया जाएगा।

डीजीपी जुनेजा ने कहा कि कोई भी नागरिक पुलिस के पास परेशानी लेकर आता है तो पुलिस अधिकारियों को विनम्रतापूर्वक बर्ताव करते हुए सहयोग करना चाहिए ताकि वो संतुष्ट होकर जाए, परन्तु अपराधियों के प्रति सख्त कार्रवाई भी जरूरी है। इससे अपराधियों के मन में भय बना रहे।








































