DURG. हादसे के बाद पिटने का डर चालकों पर भारी पड़ रहा है और लोगों की जानें तक जा रही हैं। ताजा मामला दुर्ग का है, जहां जबलपुर जाने के लिए निकली कांकेर ट्रैवल्स की बस ने मोहन नगर थाने के पास खड़ी एक कार समेत चार बाइक को चपेट में ले लिया और उन्हें सौ मीटर तक घसीटती रही। गनीमत ये रही कि मौके पर कोई सवार या राहगीर नहीं आए और किसी को चोट नहीं आई। बाद में भीड़ ने चालक को पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया।

घटना रविवार व सोमवार की दरम्यानी रात की है। कांकेर ट्रैवल्स की बस अभी यहां मोहन नगर थाने के पास रहने वाले वासुदेव चंद्राकर के घर के पास पहुंची थी। यहां सड़क किनारे कार व दोपहिया वाहन कतार में खड़े हुए थे। बस से एक वाहन की टक्कर हुई और फिर इससे चालक का नियंत्रण बस से हट गया। फिर क्या था, एक— एक कर एक कार व चार बाइक चपेट में आते चले गए। हादसे के बाद चालक और डर गया, जिससे वह बस को रोकने के बजाय गाड़ियों को घसीटते हुए बस को आगे ही बढ़ाता रहा। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने दौड़कर बस का पीछा किया। तब चालक ने सौ मीटर तक वाहनों को घसीटने के बाद अरिहंत होटल के सामने रोका। इस बीच दोपहिया गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं। वहीं चालक ने उतरकर भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और फिर उसकी जमकर धुनाई की। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया। बाद में पुलिस ने बताया कि चालक का कहना है कि जिस समय गाड़ियां टकराई, उसकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया और अनायास ही उससे गलतियां होती चली गई। हालांकि इतनी बड़ी घटना के बाद भी किसी को चोट तक नहीं आई। लेकिन, आसपास लोगों की मौजूदगी रहती तो बड़ी घटना हो सकती थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

वायरल हुआ वीडियो
इस घटना के दौरान आसपास के लोगों ने वीडियो भी बनाया है, जिसमें भीड़ द्वारा वाहन चालक को पीटते हुए दिखाया जा रहा है। साथ ही बस के पहियों में फंसी गाड़ियां भी नजर आ रही हैं।

इसलिए छोटी घटना बन जा रही बड़ी
आमतौर पर बड़े वाहनों के चालक को ही हर मामले में दोषी ठहराया जाता है, क्योंकि नुकसान छोटे वाहन चालकों व राहगीरों को ही होता है। भीड़ तो उनके साथ बुरा सलूक करती ही है, पुलिस व कोर्ट में भी उनकी सुनवाई नहीं होती। ऐसे में जब भी कोई छोटी घटना भी हो जाए तो चालक अपने वाहन को या फिर खुद उतरकर भागने का प्रयास करते हैं, ताकि भीड़ उसे पकड़ न ले। इसी जल्दबाजी और डर में वह गलतियों के ऊपर गलतियां करते जाता है और छोटी घटना बड़ा रूप ले लेती है। बाइक सवार को दूर तक घसीटने जैसे कई मामले का कारण भी यही है। इस मामले में भी बस चालक ने खाली गाड़ियों को सौ मीटर तक इसीलिए घसीटा कि वह भीड़ के हाथों में जाने से बच सके।

विपिन रंगारी टी आई मोहन नगर थाना ने बताया कि कांकेर ट्रैवल्स की बस दुर्ग से जबलपुर जा रही थी। ग्रीन चौक के पास बस के ड्राइवर का ब्लड प्रेशर कम (low BP) हो गया और उसकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया। जिससे बस पर उसका नियंत्रण नहीं रहा। अनियंत्रित बस ने पास खड़ी एक कार समेत चार बाइक को चपेट में ले लिया और उन्हें 100 मीटर तक घसीटती रही। इस दुर्घटना में किसी को भी चोट नहीं आई है।





































