BEGUSARAI. बिहार के बेगूसराय से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां हाल ही में बनकर तैयार पुल का एक हिस्सा रविवार सुबह ढह गया। मुख्यमंत्री नाबार्ड योजना के तहत बना पुल उद्घाटन से पहले ही ढह गया। बता दें, गंडक नदी पर 13 करोड़ की लागत से 206 मीटर के पुल का निर्माण किया गया था। पुल के एक हिस्से में कुछ दिनों पहले ही दरार देखी गई थी। इसकी सूचना पत्र के माध्यम से अधिकारियों को भी दी गई थी।

दरअसल, मुख्यमंत्री नाबार्ड योजना के तहत गंडक नदी पर 206 मीटर लंबा पुल बनाया गया था। लेकिन किसी कारण से पुल का उद्घाटन अभी नहीं किया जा सका था। आज रविवार सुबह पुल का अगला हिस्सा टूट कर नदी में गिर गया। बता दें, पुल के दो और तीन नंबर पिलर (Pilar) के बीच का हिस्सा टूटा है।

13 करोड़ की लागत से हुआ था पूल का निर्माण
साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के आहोक गंडक घाट किनारे से आकृति टोला चौकी और बिशनपुर के बीच 206 मीटर के पुल का निर्माण 2016 में शुरू किया गया था। इसकी निर्माण में 13 करोड़ रुपये की लागत आई थी। लेकिन, पुल तक पहुंचने का रास्ता नहीं होने के कारण इस पर आवागमन शुरू नहीं हो सका था।

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा पुल- रालोजपा नेता
साहेबपुर कमाल के रालोजपा नेता संजय यादव ने कहा कि पुल में दरार आने की शिकायत अधिकारियों से कई बार की गई थी। उनको पत्र लिखकर भी इस बात की सूचना दी गई थी। लेकिन शिकायतों पर समय रहते ध्यान ही नहीं दिया गया, जिसक नतीजा यह हुआ की उद्घाटन के पहले ही पुल ढह गया। पुल बनने से दर्जनों गांवों के लोगों को आने-जाने में सुविधा होती लेकिन पुल लोगों के काम आने की जगह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।






































