RAIPUR. कोरबा की रहने वाली और राजधानी के एक्सिस बैंक में जॉब करने वाली युवती नौ दिनों से लापता थी। अब उसकी लाश ओडिशा के जंगल से बरामद हुई है। वह भी जली हुई हालत में मिली है, जिसके बाद उसके परिजन ओडिशा के लिए रवाना हो गए हैं।

पुलिस और परिजन से जो जानकारी मिली है उसके अनुसार, कोरबा निवासी तनु कुर्रे रायपुर में शंकर नगर में किराए के मकान में रहती थी। वह मोवा के एक्सिस बैंक शाखा में काम कर रही थी। परिजनों का कहना है कि 21 नवंबर को अंतिम बार बात हुई थी। लेकिन, इसके बाद पिछले नौ दिनों से उससे फोन पर संपर्क ही नहीं हो पा रहा था। बाद में उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह इस बीच बैंक नहीं आ रही थी। घबराए हुए परिजन रायपुर पहुंचे और तनु जहां रहती थी, उस मोहल्ले में भी पतासाजी की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। तब परेशान होकर वे मोवा थाना पहुंचे और तनु की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। दूसरी ओर, ओडिशा के बलांगीर पुलिस को जानकारी मिली कि वहां के तुरईकेला जंगल में किसी युवती की लाश मिली है, जो कि अधजली अवस्था में है। वहां की पुलिस मर्ग कायम कर उसकी शिनाख्ति में जुटी हुई थी। इस बीच उन्हें पता चला कि रायपुर में एक युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। तब उन्होंने मोवा थाने की पुलिस से संपर्क किया। इस आधार पर पता चल गया कि वहां मिली लाश तनु की ही है।

परिजन ओडिशा के लिए हुए रवाना
तनु के परिजन कोरबा से रायपुर पहुंचने के बाद अब ओडिशा के लिए रवाना हो गए हैं। मोवा पुलिस की टीम भी उनके साथ है। वहां पुष्टि होने के बाद तनु के शव को यहां लाया जाएगा। वहीं मामला सीधे हत्या का ही लग रहा है। बताया जा रहा है कि उसे कोई अहम सुराग मिल गया है, जिसके आधार पर हत्यारे की पतासाजी की जा रही है।


https://chat.whatsapp.com/FDGaUWPCPEP8Cio0bzx8L8





































