RAIPUR. भानुप्रतापपुर उपचुनाव के बीच गुजरात में हो रहे विधानसभा चुनाव पर सियासत की जंग छिड़ गई है। कांग्रेस व भाजपा के बीच वार-पलटवार का दौर चल रहा है। इसी क्रम में आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत जोड़ो यात्रा की जगह कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए। गुजरात में बीजेपी की सरकार बननी तय है।
प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके मंत्रियों और कांग्रेस के तमाम नेताओं द्वारा राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता भानुप्रतापपुर का चुनाव छोड़कर यहां-वहां मुंह छिपा रहे हैं। कांग्रेस भानुप्रतापपुर के उपचुनाव को छोड़कर राहुल गांधी के पीछे भाग रही है। उनकी यात्रा के पल्लू में छुपने की जगह उन्हें ही छत्तीसगढ़ क्यों नहीं बुलवा लिया? उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने चार साल में भानुप्रतापपुर में एक भी काम नहीं किया। नाराज जनता इनके मंत्रियों के सामने भूपेश बघेल सरकार मुर्दाबाद के नारे लगा रही है।

इस पर कांग्रेस ने भी तीखा पलटवार किया। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को भानुप्रतापपुर उपचुनाव की चिंता करनी चाहिए। वहां बीजेपी ने दुष्कर्म के आरोपी को प्रत्याशी बनाकर भानुप्रतापपुर की माता बहनों का अपमान किया है। भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त होने की अपार संभावनाएं हैं। अरुण साव के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनके नेतृत्व में पहला चुनाव है और पहले चुनाव में ही अरुण साव असफल साबित हो जाएंगे।
सुशील आंनद शुक्ला ने कहा कि गुजरात में परिवर्तन की लहर चल रही है। गुजरात की जनता 27 साल की भाजपा सरकार से आति परेशान और नाराज है। भाजपा नेता गुजरात माडल का ढिंढोरा पीटते हैं पर गुजरात के चुनाव में गुजरात माडल की चर्चा करने से भाग रहे हैं। जनता भाजपा को सबक सिखाने को तैयार बैठी है।





































