RAIGARH. जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के नवापारा में शनिवार की जंगल के अंदर प्रेमी जोड़े की पेड़ पर लटकती लाश मिली है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले नौ दिनों से अपने- अपने घरों से गायब थे। अब पुलिस उनके परिजनों से पूछताछ कर रही है।
मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र का है। यहां स्थित नवागांव जंगल से घिरा हुआ गांव है। यहां रहने वाले कुछ लोग शनिवार की सुबह जंगल में गए हुए थे। तभी उन्हें तेज दुर्गंध आई तो आसपास देखने लगे। तभी उन्हें पेड़ पर लटकती एक लाश नजर आई। उन्होंने आसपास से और लोगों को बुलाया और पास जाकर देखा तो मौके पर एक नहीं बल्कि दो लाश लटकी हुई थी।
देखते ही देखते सनसनी पूरे क्षेत्र में फैल गई। उन्होंने कपड़ों के आधार पर युवक की पहचान गांव के ही सनत पैंकरा और युवती की रीता के रूप में की गई। फिर इसकी सूचना उनके परिजनों को दी गई। इसके बाद थाने में संपर्क किया गया। पुलिस की टीम ने मौके पर आकर शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
पुलिस ने दोनों के परिजनों से अलग- अलग पूछताछ की है। इससे पता चला है कि दोनों का लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह भी बताया कि वे पिछले नौ दिनों से घर से गायब हो गए थे। पुलिस और भी जानकारी जुटा रही है, लेकिन इस बीच परिजनों ने नौ दिनों से गायब रहने के बाद भी इसकी सूचना थाने में क्यों नहीं दी थी, इसका पता नहीं चल पाया है।

हालांकि परिजनों का कहना था कि वे आसपास अपने रिश्तेदारों और जान- पहचान वालाें से संपर्क कर उनकी पतासाजी कर रहे थे। ऐसे में वे पुलिस के पास भी जाने वाले थे लेकिन, उससे पहले ही उन्हें दोनों के आत्महत्या करने का पता चल गया। पुलिस अब भी अलग- अलग एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।







































