KANKER. भानुप्रतापपुर उपचुनाव को लेकर सियासत गर्माती जा रही है। भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम पर कथित बलात्कार के मामले में झारखंड पुलिस की भी एंट्री के बाद अब राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने भी इस मामले में संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में कांकेर एसपी को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है।

बता दें, बीजेपी नेता ब्रह्मानंद पर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप है। इस मामले में झारखंड पुलिस ने जमशेदपुर के टेल्को थाने में दुष्कर्म, देह व्यापार और पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था। राजनीतिक रस्साकशी में छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पीड़ित का नाम उजागर कर दिया था। इसी वजह से एनसीपीसीआर ने पत्र लिखकर कांकेर एसपी को कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करने को कहा है। साथ ही तीन दिन में आयोग को रिपोर्ट सौपने को कहा है। आयोग ने यह कार्रवाही चरामा के भाजपा मंडल की शिकायत के बाद की है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम पर आरोप लगत हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा था कि बलात्कारी होने के खुलासे के बाद भी भाजपा उसके बचाव में खड़ी है। 15 साल के मासूम बच्ची के साथ शोषण के आरोप में नेताम के ऊपर जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में प्राथमिकी क्रमांक 84/2019 धारा दिनांक 15.05.2019 धारा 366ए, 376, 376(3), 376 डी डी, 120 बी भादवि, 4,6 पॉक्सो एक्ट एवं 4,5,6,7,9 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम दर्ज है।
चार्जशीट में रायपुर पुलिस के एक सिपाही का नाम
रायपुर पुलिस के एक सिपाही केशवराम सिन्हा का नाम भी इस मामले में आ चुका है। इसके बाद एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने उस सिपाही को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया था। बताया जा रहा है, नाबालिग के साथ दुष्कर्म के अपराध में सिपाही का नाम भी चार्जशीट में है। बता दें, पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम और सिपाही दोनों ही कांकेर के चारामा के रहने वाले है।








































