Tirandaj.com सर्दिया शुरू हो गई हैं। खान के शौकीनों के लिए यह मौसम सबसे ज्यादा पसंदीदा होता है। दरअसल, इस मौसम में खाने पीने के लिए बेहतरीन चीजें जो मिलती हैं। ताजी सब्जियां और गर्म व्यंजन सर्दियों का मजा दोगुना कर देते हैं। मगर, इस मौसम में आपको कुछ चीजें से परहेज करने के लिए भी कहा जाता है।
उन्हीं में से एक है दही। आमतौर पर माना जाता है कि सर्दियों के दौरान दही से बचना चाहिए क्योंकि इससे सर्दी और गले में खराश हो सकती है, लेकिन क्या यह सच है? दही अच्छे बैक्टीरिया, विटामिन, प्रोटीन, मैग्नीशियम, कैल्शियम और पोटेशियम से भरपूर होता है, तो हमें इससे क्यों बचना चाहिए?
यहां हम आपको बताते हैं कि आपको सर्दियों में दही खाना चाहिए या नहीं। आयुर्वेद और विज्ञान इस बारे में क्या कहते हैं?
आयुर्वेद क्या कहता है?
आयुर्वेद सर्दियों में दही खाने से बचने की सलाह देता है क्योंकि दही की तासीर ठंडी होती है। इसे सर्दियों में खाने से कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं। अगर आपको पहले से सर्दी-जुकाम है, तो दही से दूर रहना ही उचित होगा।
क्या कहता है आधुनिक चिकित्सा विज्ञान?
मेडिकल साइंस के अनुसार, ठंड में दही खाना आपकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। दही में कई विटामिन और खनिज होते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। खासकर अगर आप लंच में दही खाते हैं, तो यह शरीर के लिए फायदेमंद होगा। यह आपके लिए इम्युनिटी बूस्टर का काम करेगा।
सांस के रोगियों के लिए हानिकारक
हालांकि, चिकित्सा विज्ञान सांस के रोगियों को रात के समय दही से दूर रहने की सलाह देता है। दरअसल, रात में दही खाने से मुंह में बलगम बन सकता है। यह अस्थमा के मरीजों के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए शाम के बाद अस्थमा के मरीजों को दही खाने से बचना चाहिए।







































