BHILAI. दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा बीते कुछ दिनों में ऑनलाइन महादेव, रेड्डी अन्ना जैसे अन्य 12 सट्टे के ब्रांच को ध्वस्त किया गया है। ब्रांच से जुड़े हुए 70 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी भी हुई। वहीं डेढ सौ से अधिक मोबाइल और करीब 40 लैपटॉप भी बरामद किया गया है। दुर्ग पुलिस द्वारा 56 दिन के भीतर ऑनलाइन से जुड़े हुए 12 ब्रांच को नेस्तनाबूद किया गया। पुलिस द्वारा यह कार्रवाई 27 सितंबर 2022 से 23 नवंबर 2022 के बीच कार्रवाई की गई है।
इन ब्रांचों को किया सीज
दुर्ग पुलिस ने महादेव नामक आठ ब्रांच को ध्वस्त किया गया है। जबकि रेड्डी अन्ना नामक दो ब्रांच को भी सीज किया गया है। वहीं एक बीबीबी और अंबानी नाम के ब्रांच पर कार्रवाई की गई है। इसमें पुलिस ने कुल 71 आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से 39 लैपटॉप और एक सौ 60 मोबाइल बरामद किया गया है।
तीन राज्य के सात शहरों में हुई कार्रवाई
दुर्ग पुलिस द्वारा करीब 56 दिनों के अंदर ही ऑनलाइन सट्टे के 12 ब्रांच को ध्वस्त किया गया है। यह कार्रवाइयां छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और दिल्ली के अलग-अलग शहरों व इलाकों में की गई है। इसमें छत्तीसगढ़ के जगदलपुर, बिलासपुर, सुपेला (भिलाई), मध्यप्रदेश में भोपाल, सिवनी, छिदवाड़ा और दिल्ली में साकेत क्षेत्र से सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है।
सबसे बड़ी कार्रवाई भोपाल में
दुर्ग पुलिस द्वारा सबसे बड़ी कार्रवाई मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 23 नवंबर को किया गया। यहां एक साथ ऑनलाइन सट्टे के तीन ब्रांच पर धावा बोला गया। यहां से कुल 18 सटोरियों को हिरासत में लिया गया है। इसमें करीब दस सटोरिए दुर्ग और भिलाई के है। जबकि अन्य छत्तीसगढ़ के कई शहरों सहित मध्यप्रदेश के रहने वाले है। भोपाल की कार्रवाई में पुलिस ने 12 लैपटॉप और 41 मोबाइल फोन भी बरामद किए है।
90 एकाउंड किए फ्रीज
12 ब्रांचों पर कार्रवाई के बाद दुर्ग पुलिस द्वारा कुल 90 बैंक एकाउंड को फ्रीज किया गया है। इन एकाउंट्स से करीब एक करोड़ 34 लाख रुपए को फ्रीज किया गया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य बैंक से भी संपर्क कर अन्य जानकारी प्राप्त की जाएगी।







































