BHILAI. भारती विश्विद्यालय दुर्ग में भारतीय संविधान दिवस बहुत ही धूम-धाम के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन फैकल्टी ऑफ़ लॉ के तत्वाधान में किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बार काउंसिल दुर्ग की अध्यक्ष श्रीमती नीता जैन थी। इस अवसर पर उन्होंने देश के संविधान का बखान करते हुए कहा कि संविधान हमारी स्वतंत्रता की रक्षा करता है और संविधान की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। आज अपने अधिकार और कर्तव्य को पहचानना अनिवार्य है।

कानून के नजर में प्रत्येक व्यक्ति है एक समान
कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ अधिवक्ता एवं काउंसलर, परिवार न्यायालय डॉ. नागेन्द्र शर्मा ने कहा कि भारत में कानून का शासन है। कानून की नजर में प्रत्येक व्यक्ति एक समान है। उन्होंने भारतीय संविधान निर्माण की प्रक्रिया का विस्तार से वर्णन किया। साथ ही उन्होंने संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों के बारे में बताया।
संविधान की प्रस्तावना, संविधान की पहचान है
भारती विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.के. पाठक ने कहा कि भारतीय संविधान के कई पहलू हैं। संविधान की प्रस्तावना, संविधान की पहचान है। आज मूलभूत अधिकार, कर्तव्यों इत्यादि के बारे में सोचने का दिन है। साथ ही कुलाधिपति सुशील चन्द्राकर ने कहा कि भारतीय संविधान का सम्मान और रक्षा करना हमारा कर्तव्य है।

अतिथियों को शाल और स्मृति चिन्ह की भेंट
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र स्वर्णकार ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही अतिथियों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात फैकल्टी ऑफ लॉ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मुकेश कुमार राय ने संविधानवाद और लोकतंत्र की अवधारण विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि संविधान में स्वतंत्रता, समानता, न्याय इत्यादि का स्पष्ट विवरण है।
संविधान की प्रस्तावना की दिलाई गई शपथ
फैकल्टी ऑफ लॉ की असिस्टेंट प्रोफेसर श्रीमति श्वेता सिंह ने भारतीय संविधान का संक्षिप्त परिचय दिया। साथ ही असिस्टेंट प्रोफेसर भूमिका साहू ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ सभी को दिलाई।

कार्यक्रम का विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
बीए-एलएलबी की छात्रा मीनाक्षी चन्द्राकर ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किये। साथ ही इस अवसर पर आयोजित पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किया गया।

इन विद्यार्थियों को मिला पुरस्कार
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में वंदना यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, तो वहीं श्रुति यादव ने द्वितीय स्थान पर बाजी मारी, और विवके देवांगन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी के साथ भाषण प्रतियोगिता में मीनाक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।




































