NEW DELHI. भानुप्रतापपुर उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने ब्रह्मानंद नेताम को मैदान में उतारा है। इसके अलावा भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने इस साल होने वाले विभिन्न उपचुनावों के लिए प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट से रघुराज शाक्य को टिकट दिया गया है। उनका मुकाबला सपा प्रत्याशी डिंपल यादव से होगा।
बता दें कि ब्रम्हानंद नेताम भानुप्रतापपुर से साल 2008 में विधायक रह चुके हैं। मनोज मंडावी को एक बार हरा चुके हैं। इनका नाम भी इस इलाके से चर्चा में है। आदिवासी संगठनों में इनकी पैठ अच्छी मानी जाती है। इस बार भाजपा आदिवासी आरक्षण के मुद्दे के साथ चुनाव में है। नेताम की समाज में पैठ का फायदा भाजपा को मिल सकता है। नेताम समेत चार नामों का पैनल हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय समिति को भेजा था।

गौरतलब है कि भानुप्रतापपुर से कांग्रेस विधायक मनोज कुमार मंडावी का 16 अक्टूबर की सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उसके बाद इस सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया। निर्वाचन आयोग ने चुनाव की अधिसूचना 10 नवम्बर को जारी कर दिया है। यहां पांच दिसम्बर को मतदान होगा। आठ दिसम्बर को मतगणना होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा।

विधानसभा उपचुनाव 2022 के लिए भाजपा प्रत्याशियों की ये है पूरी लिस्ट
सरदारशहर (राजस्थान)ः अशोक कुमार पिंचा
कुरहानी (बिहार)ः केदार प्रसाद गुप्ता
भानुप्रतापपुर (छत्तीसगढ़): ब्रह्मानंद नेताम
खतौली (उत्तर प्रदेश): राजकुमारी सैनी
रामपुर (उत्तर प्रदेश): आकाश सक्सेना
सावित्री मंडावी को कांग्रेस बना सकती है प्रत्याशी
भानुप्रतापपुर विधानसभा उप चुनाव में पार्टी उम्मीदवार तय करने के लिए सोमवार को प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में तीन नामों का पैनल हाईकमान को भेजा गया है। सीएम भूपेश ने बताया कि नाम पर आलाकमान की मुहर लगते ही एक दो दिन में प्रत्याशी का ऐलान कर दिया जाएगा। चुनाव समिति की पिछली बैठक में 14 दावेदारों के नाम सामने आए थे। वैसे स्वर्गीय विधायक मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी का टिकिट तय माना जा रहा है।






































