RAIPUR. राजधानी के आमानाका इलाके में एक महिला अपने घर के कमरे में फांसी लगाने जा रही थी। अचानक इसकी भनक आसपास के लोगों को हो गई। उन्होंने पुलिस को बुला लिया। टीम जैसे ही महिला तक पहुंची तब तक वह फंदे पर लटक चुकी थी। लेकिन, जवानों ने भी तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली। इससे महिला की जान बच गई और अब इन जवानों की तत्परता की सभी ओर तारीफ हो रही है।

मामला रायुपर के आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध का है। यहां भारतमाता स्कूल के पीछे एमआईजी के एक मकान में रहने वाली महिला पिछले कुछ दिनों से तनाव में थी। इसी के चलते उसने शनिवार को खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। फिर फंदा लगाकर फांसी पर झूलने का प्रयास करने लगी। इसकी भनक आसपास के लोगों को हो गई। पहले तो उन्हें समझ में ही नहीं आया कि आखिर उसकी जान कैसे बचाई जाए।

फिर किसी ने पुलिस के डायल 112 पर फोन कर दिया और मामले की जानकारी दी। कुछ ही देर में डायल 112 वाहन मौके पर पहुंच गया। उसमें मौजूद जवान भारतेंदु साहू और वाहन चालक लंबोदर पटेल तत्काल मकान के अंदर दाखिल हुए फिर जिस कमने में महिला फांसी लगा रही थी, उसके बाहर दस्तक दी और दरवाजे को धक्का देकर खोलते हुए उसके पास पहुंच गए। इस बीच महिला फांसी के फंदे पर झूल चुकी थी।

आनन- फानन में जवानों ने महिला को ऊपर उठाया और गले में लगे फंदे को खोला। इसके चलते महिला के गले में निशान तो जरूर बने थे पर उसकी जान बच गई। जवानों ने उससे पूरे मामले की जानकारी ली तभी पता चला कि वह मानसिक रूप से परेशान थी और इसी तनाव के चलते वह आत्महत्या करने जा रही थी। जवानों ने आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सूचना दी। साथ ही महिला के मायके वालों को भी इस बारे में बताया।

मुख्यमंत्री कार्यालय के ट्विटर हैंडल पर जवानों की तारीफ
जवानों की इस तत्परता के चलते ही महिला की जान बच सकी है। ऐसे में सभी उनकी तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी प्रशंसा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय और जनसंपर्क विभाग भी पीछे नहीं हैं। उनके ट्विटर हैंडल और फेसबुक पेज पर उनकी तारीफ में पोस्ट व ट्वीट किया गया है। अन्य लोग भी इन्हें एक-दूसरे को और पब्लिकली शेयर कर रहे हैं।





































