BHILAI. भिलाई के एक स्कूल की छात्राओं ने प्राचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। अपने प्राचार्य की शिकायत लेकर छात्राएं थाने पहुंचीं और पुलिस को उसके कृत्य से अवगत कराया। पुलिस ने छात्राओं की शिकायत के बाद आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
भिलाई के शांति नगर स्थित सेंट जेवियर स्कूल के प्राचार्य के.आनंद कुमार पर वहां की ही छात्राओं ने छेड़छाड़ के कई गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं की शिकायत के बाद हिन्दू जागरण मंच के लोग भी विरोध जताते हुए आरोपी प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि प्राचार्य पिछले कई दिनों से छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहा था, जिसकी पूर्व में भी शिकायत की गई थी। परिजनों ने कहा कि वह छात्राओं के टॉयलेट के सामने खड़े होकर छात्राओं को छेड़ता था। साथ ही बच्चियों से कई निजी बाते करना और उन्हें छूने की कोशिश करता था। परिजनों ने कहा कि आरोपी प्राचार्य कई छात्राओं से लंबे समय से छेड़छाड़ करते आ रहा है। प्राचार्य की हरकत से बच्चों के परिजन बेहद आक्रोशित है। अब उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
मामले में संगठन के पदाधिकारी और बच्चों के परिजनों ने कहा कि आरोपी बीते कुछ दिन से छात्राओं से छेड़छाड़ करता था। शिकायत में बताया गया कि आरोपी प्राचार्य छात्राओं को केबिन में बुलाकर छेड़छाड़ करता था।

वहीं मामले में सुपेला पुलिस ने शांति नगर निवासी प्राचार्य के.आनंद कुमार (37) पिता विलियम्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्राचार्य के विरुद्ध पुलिस ने 354 भादवि, 8 पाक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय दुर्ग रिमांड पर भेज दिया है।









































