BHILAI. दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के विरुद्ध फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस कार्रवाई को ‘सर्जिक स्ट्राइक’ का नाम दिया है। इसमें ऑनलाइन सट्टे में लिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही देश भर में अवैध ढंग से चलाए जा रहे बैंक खातों से करोड़ों रुपए के लेनदेन का खुलासा भी हुआ।

दुर्ग पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ.अभिषेक पल्लव ने कहा कि पुलिस द्वारा ऑनलाइन सट्टे से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने रविवार शाम प्रेतवार्ता लेकर बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों को ऑनलाइन माध्यम से सट्टा खिलाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि भिलाई के कोहका हाउसिंग बोर्ड स्थित खंडरनुमा मकान से ऑनलाइन सट्टा महादेव एप के तीन गुर्गों को धर दबोचा गया है। तीनों यहां से ऑनलाइन माध्यम से सट्टे को संचालित कर रहे थे। आरोपियों द्वारा लैपटॉप, मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन महादेव एप का संचालन करते हुए पकड़ा गया है। आरोपियों द्वारा विभिन्न राज्य में बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार को संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने कहा कि पकड़ाए गए आरोपियों से पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद इसमें लिप्त और लोगों को भी हिरासत में लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि तीनों 15-15 हजार रुपए के लिए काम करते थे।

पुलिस ने आरोपियों से दो लैपटॉप, नौ मोबाइल, सट्टा हिसाब-खिताब रजिस्टर और एक मोबाइल सिम बरामद किया गया है। एसपी डॉ.अभिषेक पल्लव ने बताया कि इस कार्रवाई में सुपेला थाना और स्मृति नगर चौकी के जवानों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ब्रांच शिफ्ट करने की थी तैयारी
ऑनलाइन सट्टे के माध्यम से आरोपियों द्वारा अवैध रूप से करोड़ों रुपए का लेनदेन किया जा रहा था। इस अवैध ब्रांच को तीन दिन पूर्व नागपुर (महाराष्ट्र) से भिलाई शिफ्ट किया गया। साथ ही कुछ दिन बाद इस ब्रांच को पंजाब शिफ्ट करने की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस ने इन्हें पकड़ा
पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे में लिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी छावनी थाना के अंतर्गत अलग-अलग क्षेत्र के रहने वाले है। इसमें कैंप-1 सड़क नंबर-18 निवासी मुकेश कुमार (31) पिता राजेश कुमार जायसवाल, सुभाष चौक कैंप-1 निवासी दीपक उर्फ दीपू (30) पिता कन्हैय्या सिंह और सुभाष चौक कैंप-1 निवासी श्रीकांत उर्फ चिन्ना (29) पिता मधुसूदन राव को गिरफ्तार किया गया है।






































