BHILAI. भिलाई में भाजपा की गुटीय लड़ाई आए दिन सुर्खियों में रहती है। यहां भाजपा के कार्यकर्ता दूसरे दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं से भिड़ंने के बजाए खुद की लड़ रहे है। इसका सबसे ताजा उदाहरण मंगलवार को देखने मिला, जब प्रदेश भाजयुमो के नवनियुक्त अध्यक्ष पहली बार दुर्ग जिले के दौरे पर आए हुए थे। कार्यकर्ताओं और नेताओं उनके सामने ही लड़ बैठे। आपसी टकराहट की चर्चा प्रदेश भर में हो रही है।

भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता और कार्यकर्ता आपस में भिड़त गए। मंगलवार को छत्तीसगढ़ भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत पहली बार दुर्ग दौरे पर आए। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही कुम्हारी टोल प्लाजा के पास प्रदेश अध्यक्ष को अपनी-अपनी गाड़ी में बैठाने के लिए कार्यकर्ता भिड़ गए। कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट के बाद स्थिति बिगड़ गई और प्रदेशाध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई। विवाद करने वालों ने एक-दूसरे पर धावा बोल दिया और जबर्दस्त झूमाझटकी हुई। दोनों ही पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज करवाया है, जिसके बाद कुम्हारी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक पक्ष के आशीष शुक्ला (29) भारतीय जनता पार्टी में स्वध्याय मंडल जिला संयोजक और युवा मोर्चा के कुम्हारी प्रभारी है। वहीं दूसरे पक्ष के सुमित द्विवेदी (24) भारतीय जनता पार्टी के युवा महामंत्री के पद पर कार्यरत है।

कुम्हारी टीआई सुधांशु बघेल ने बताया कि सुमित द्विवेदी की शिकायत पर आशीष शुक्ला, आशीष परगनिहा और कौशल सिंह के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया गया है। जबकि दूसरे पक्ष के आशीष शुक्ला की शिकायत पर सुमित द्विवेदी, राकेश पाण्डे, गौरव पाण्डे व अन्य पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस दोनों ही शिकायतों के आधार पर आईपीसी की धारा 294, 323, 34 और 506 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध जांच कर रही है।





































