RAIPUR. छत्तीसगढ़ के पूर्व व रिटायर्ड डीजीपी एमडब्ल्यू अंसारी पर भोपाल में अपराध दर्ज कराया गया है। अधिकारी पर 15 साल के किशोर की पिटाई का आरोप लगा है। वहीं अंसारी ने भी किशोर के परिजनों पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
छत्तीसगढ़ में डीजीपी के पद से सेवानिवृत्त हुए पूर्व आईपीएस मोहम्मद वजीर अंसारी भोपाल के कोहेफिजा इलाके में रहते हैं। उनके खिलाफ कोहेफिजा थाने में की गई शिकायत में बताया गया है कि कक्षा 10वीं में पढ़ने वाला 15 वर्षीय छात्र अंसारी के निवास स्थित मल्टी में अपने दोस्त से मिलने आया था। वह अपने दोस्त से बातचीत कर रहा था। इसी बीच अंसारी वहां पहुंच गए और छात्र को वहां से जाने की बात कही।
जब वह नहीं माना तो अंसारी उसकी पिटाई करने लगे। जबकि पूर्व डीजीपी अंसारी ने भी एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने बताया है कि बच्चा उनके मोहल्ले में स्टंट कर रहा था। उन्होंने उसे ऐसा करने से रोका। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ और फिर बच्चे के परिजन आ गए। उन्होंने उनके साथ मारपीट की है। इस पर पुलिस ने लड़के के परिजनों के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया है। दोनों ही पक्षों पर धारा 294, 323, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बहरहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और इसके बाद ही स्पष्ट होने की बात कही है कि आखिर गलती किसकी है। लेकिन इस घटना ने रिटायर्ड डीजीपी अंसारी को एक बार फिर चर्चा में ले आया है।
2017 में हुए थे सेवानिवृत्त
पूर्व डीजीपी अंसारी 31 दिसम्बर 2017 को इस पद से सेवानिवृत्त हुए थे। मूलत: उत्तर प्रदेश के रहने वाले अंसारी ने बाद में भोपाल को अपना निवास बनाया। वे 1984 बैच के बेहतरीन आईपीएस आफिसर माने जाते रहे हैं। उनका जन्म एक जनवरी 1958 को हुआ था। उनके पिता भी बंगाल पुलिस में कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में कोई बड़ा विवाद उनके साथ नहीं जुड़ा था, लेकिन अब इस मामले ने नया मोड़ लिया तो उनकी छवि पर असर पड़ सकता है।






































