BHAGALPUR. अजय देवगन और ऐश्वर्या राय बच्चन की फिल्म “हम दिल दे चुके सनम” की रियल लाइफ कहानी बिहार के भागलपुर से सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी। करवा चौथ के दिन पत्नी की दूसरी शादी करवाकर पति ने पत्नी को अनोखा गिफ्ट दिया है।
बताया जा रहा है कि यहां चार बच्चों की मां पूजा को अपने से दो साल छोटे युवक छोटू से प्रेम हो गया था। दोनों छिप-छिप कर मिला करते थे। गांव वालों ने कई बार दोनों को एक साथ घूमते हुए देखा। धीरे-धीरे यह बात पूजा के ससुराल और पति श्रवण तक पहुंच गई।

इसके बाद श्रवण ने पत्नी पूजा से बात की, तो उसने बताया कि उसे छोटू से प्यार हो गया है। वह उससे साथ शादी करना चाहती है। पति ने पहले काफी समझाया कि दोनों के चार बच्चे हैं। हंसता खेलता परिवार है, लेकिन महिला समझने को तैयार नहीं हुई।
इस पर श्रवण ने अपने परिवार वालों से बात की और उन्हें पूजा की दूसरी शादी के लिए राजी किया। इसके लिए उन्होंने एक वकील से सलाह ली और कानूनी प्रक्रिया के बाद अपनी पत्नी की शादी अपने प्रेमी से करा दी। चारों बच्चे अपने पिता श्रवण के साथ रहेंगे।

पत्नी की खुशी के लिए पति ने प्रेमी से उसकी शादी करवाकर करवा चौथ पर उसे विदा कर दिया। श्रवण ने न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर अपनी पत्नी पूजा की अपने प्रेमी से शादी करा दी। ये शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस शादी के बाद ये प्यार करने वाला जोड़ा बेहद खुश नजर आया।

बताया जा रहा है कि 30 साल के श्रवण की शादी साल 2012 में बांका की रहने वाली 26 साल की पूजा से हुई थी। इसके बाद दोनों के चार बच्चे हो गए। मगर, इसी दौरान पूजा की 24 साल के छोटू से मुलाकात हुई। दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। पूजा शादीशुदा थी ऐसे में उसके लिए अपने प्रेमी से शादी करना लगभग नामुमकिन था।
हालांकि, वह छोटू के साथ रहना चाहती थी। लिहाजा, श्रवण ने दोनों की शादी कराने का फैसला किया और अब यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।





































