BILASPUR. प्रदेश में रफ़्तार की वजह से हादसों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से सामने आया है। यहां दो युवक स्पोर्ट्स बाइक (KTM) से 100 से ज्यादा की स्पीड से जा रहे थे। तभी अचानक सामने ऑटो के आ जाने से बाइक और ऑटो की भीषण टक्कर हो गई। इसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई तो वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदुदंड निवासी गौरव सनाड्य अपने दोस्त राकेश दास के साथ किसी काम से कोटा गया था। वहां से वापस लौटते वक़्त सकरी थाना क्षेत्र के भरनी-परसदा के समीप उनकी बाइक सामने से आ रही ऑटो से टकरा गई। हादसे में गौरव के सिर पर गहरी चोट आई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राकेश गंभीर रूप से घायल है। राकेश का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

बाइक की रफ़्तार थी ज्यादा
घटना के वक़्त मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि दोनों ही युवक काफी तेज गति से बाइक चलाते हुए आ रहे थे। लगभग उनके बाइक की गति दुर्घटना के वक़्त लगभग 100 के आसपास रही होगी।





































