RAIPUR. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग यानी CGPSC ने रविवार को पहली बार प्यून के पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा ली। उच्च पदों की तैयारियों में जुटे युवा भी इसमें शामिल हुए ताकि वे अपनी तैयारी परख सकें। सोचा था कि आसान सवालों के जवाब चुटकियों में दे आएंगे। प्रश्न-पत्र देखा तो दांतों तले उंगलियां दबा ली। छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी के सवालों में उलझते चले गए। मसलन, पूछा गया था कि अम्मठ का अर्थ क्या है? उत्तर सोचते मानों उनके दांत खट्टे हो गए। उन्हें क्या पता था कि अम्मठ यानी खट्टा ही होता है।

सीजीपीएससी की ओर से प्यून के कुल 91 पदों के लिए यह परीक्षा ली गई है। कुल 21,552 अभ्यर्थियों ने आवेदन जमा किए थे। उनके हिसाब से ही बैठक व्यवस्था की गई थी और प्रदेशभर में अलग-अलग केंद्र बनाए गए थे। अकेले बिलासपुर जिले में ही 64 परीक्षा केंद्र थे। लेकिन, 4,063 अनुपस्थित रहे और 17,489 ने परीक्षा दिलाई। खास ये कि अपनी तैयारी परखने के उद्देश्य से डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी समेत अन्य राज्य प्रशासनिक सेवा के पदों की तैयारी कर रहे युवाओं ने भी यह परीक्षा दी।


अब आते हैं सवालों की ओर। चूंकि भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं उत्तीर्ण मांगी गई थी। ऐसे में सभी को उम्मीद थी कि आसान सवाल पूछे जाएंगे और वे चुटकियों में हल कर लेंगे। गणित, रीजनिंग, विज्ञान आदि से जुड़े सवाल देखकर कुछ हद तक उनका अनुमान सही निकला। इसके बाद जैसे ही छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी भाषा से जुड़े सवालों पर पहुंचे तो वे बगलें झांकने को मजबूर हो गए। इस खंड की अच्छी तैयारी करने वालों और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आए लोगों को तो ज्यादा दिक्कत नहीं हुई पर बाकी लोगों को कुछ समझ में ही नहीं आया।
कुछ सवाल हम भी बता देते हैं। पूछा गया था कि खटिया उसलना क्या होता है, पानी पीढ़ा करना किसे कहते हैं, बियारी का मतलब क्या होता है और अम्मठ का अर्थ क्या होता है।
इन प्रश्नों पर भी डालें एक नजर, देखें उत्तर
भैंस के नर बच्चे को छत्तीसगढ़ में क्या कहते हैं, उत्तर- पंड़वा
भिंडी का छत्तीसगढ़ी शब्द क्या है, उत्तर- रमकेलिया
इड़हर क्या है, उत्तर- सब्जी





































