LONDON. महारानी एलिजाबेथ-II का अंतिम संस्कार आज शाम को राजकीय सम्मान और शाही रस्मों के साथ किया जाएगा। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तमाम देशों के राष्ट्राध्यक्ष और नामी नेता लंदन पहुंचे है। लंदन के परिवहन विभाग ने बताया कि महारानी के अंत्येष्टि कार्यक्रम में लगभग 10 लाख लोगों के जुटने की संभावना है। दिवंगत महारानी को उनके दिवंगत पति प्रिंस फिलिप के बराबर में दफनाया जाएगा।

गौरतलब है कि महारानी एलिजाबेथ -II का स्कॉटलैंड में 96 वर्ष की आयु में 8 सितंबर को निधन हो गया था।आज शाम उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। ब्रिटेन में सोमवार को सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है। लोग इस ऐतिहासिक पल को लाइव देख सके इस लिए जगह-जगह स्क्रीन लगाईं गई है। इससे पहले ब्रिटेन में लोगों ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार की पूर्व संध्या पर पूरे एक मिनट का मौन भी रखा।
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का पार्थिव शरीर वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा गया है। रविवार को ‘ट्रांसपोर्ट फॉर लंदन’ के प्रमुख एंडी बायफोर्ड ने कहा कि महारानी के निधन के बाद से ही लंदन में यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। वहीं रेल नेटवर्क के प्रमुख पीटर हेंडी ने बताया कि इस दिन देशभर में लगभग 250 अतिरिक्त ट्रेन संचालित की जाएंगी। 2012 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों के बाद सोमवार को लोग बड़ी संख्या में परिवहन साधनों का सहारा लेंगे।

सोमवार सुबह वेस्टमिंस्टर एबे में होने वाले अंत्येष्टि कार्यक्रम के दौरान विमान के शोर से बचने के लिए हीथ्रो हवाईअड्डे से संचालित होने वाली लगभग 100 से अधिक उड़ानों को रद्द किया गया है। अंत्येष्टि कार्यक्रम के प्रसारण के लिए जगह-जगह सैकड़ों विशाल स्क्रीन लगाई गई है। साथ ही कार्यक्रम के प्रसारण के लिए कई सिनेमाघर भी तैयारी कर रहे हैं।
महारानी के अंतिम संस्कार में श्रद्धांजलि देने के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार शाम तीन दिवसीय यात्रा पर लंदन पहुंच गई है। महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत करीब 500 विश्व नेता लंदन पहुंच चुके है।





































