RAIPUR. प्रदेश की राजधानी रायपुर में पिछले 26 दिनों से वन कर्मचारी संघ अपने 2 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए हैं। इस दौरान सरकार का धयान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए इनके द्वारा अनोखा प्रदर्शन किया गया। गुरुवार को वन विभाग के अनियमित कर्मचारियों ने सड़क पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया।
इस बीच सरकार के खिलाफ प्रदर्शन में खूब नारेबाजी भी हुई। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने गंगाजल की कसम खाकर स्थायीकरण और नियमितीकरण का वादा किया था। लेकिन अब सरकार अपने किए वादे से मुकर रही है। जिसे याद दिलाने के लिए हम अलग-अलग तरीके से प्रयास कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ दैनिक वेतन भोगी वन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज अनिश्चितकालीन हड़ताल का 27 वां दिन है। लेकिन सरकार है की नींद से उठने का नाम नहीं ले रही है। इसलिए हम सरकार को जगाने के लिए अलग-अलग तरह से प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार को नींद से जगाने में हमारे कपड़े तक उतर गए। इसके बावजूद भी सरकार हमारी 2 सूत्रीय मांगों को पूरा नहीं कर रही है

सरकार को गंगाजल का सम्मान करना चाहिए
दैनिक वेतन भोगी वन कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री रामकुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है इसलिए हमें मजबूरन अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने वादा किया था कि उनकी सरकार बनते ही हमें नियमित करेंगे लेकिन आज सरकार अपने वादे से मुकर रही है। काम से काम जिस गंगाजल को हाथ में रखकर इन्होंने वादा किया था। उस गंगाजल का तो सरकार को सम्मान करना चाहिए।






































