BIJAPUR. जिले में भारी बारिश के कारण एक बार फिर से बाढ़ का कहर है। यहां पर बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं। इसके कारण सैकड़ों गांवों का सम्पर्क ब्लाक मुख्यालय व जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट चुका है। वहीं भारी बारिश से नदी नाले में आये बाढ़ में 50 से अधिक मवेशियों के बह गए हैं जिनमें से कुछ मवेशियों की मौत भी हो चुकी है। प्रशासन ने बाढ़ को देखते हुए रेस्क्यू दलों को मौर्चे पर उतार दिया है।

जिले में पिछले दो दिनों से हो रही मुशलाधार बारिश से जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो चुका है। वहीं नदी नाले के उफान पर होने से भोपालपटनम, गंगालूर, तोयनार मार्ग पूरी तरह से जिला मुख्यालय से कट चुका है। दूसरी ओर भारी बारिश के कारण पदेड़ा के कडेनार के लंकापरा में और चेकण्टी के पटेलपारा में नदी का पानी गांव में घुसने से वहां के ग्रामीण सुरक्षित स्थलों की ओर चले गए हैं।

जानकारी यह भी मिली है कि चिन्नाकवाली के रालापाल में बाढ़ के पानी मे लगभग 50 मवेशी बह गए हैं। जिनमे कुछ मवेशियों की मौत हो गई है। बारिश से पेदाकोरमा के कुछ घरों को भी नुकसान भी पहुंचा है। बीजापुर जिला मुख्यालय के कोकड़ापारा नाले में अत्यधिक पानी होने से दो महिला और तीन बच्चों का रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया। बीजापुर भोपालपटनम मार्ग पर स्थित मोदकपाल नदी में बाढ़ होने से भोपालपटनम मार्ग भी बंद हो गया है।






































