तीरंदाज, कांकेर। जिले में मंगलवार को कांकेर एसपी कार्यालय पहुंचकर एक इनामी महिला नक्सली ने आत्मसमर्पण किया। महिला नक्सली प्रतिबंधित माओवादी संगठन उत्तर बस्तर डिवीजन में सक्रिय रावघाट एरिया कमेटी के पानीडोबीर एलओएस सदस्या पार्वती शोरी (20) है। पार्वती सोरी ने आज कांकेर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण किया।

ग्राम भोमरा थाना कोयलीबेड़ा जिला कांकेर निवासी पार्वती शोरी जो नक्सली संगठन में वर्ष 2019 से सक्रिय थी। छग शासन की पॉलिसी के तहत उक्त महिला माओवादी सदस्या पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पार्वती शोरी ने मंगलवार को कांकेर एसपी शलभ कुमार सिन्हा के समक्ष पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण किया।

आत्मसमर्पित महिला नक्सली को प्रोत्साहन राशि 10 हजार रुपए नगद प्रदान किया गया और शासन से प्राप्त सहायता नियमानुसार प्रदाय की जाएगी। इस दौरान अविनाश ठाकुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर, खोमन सिन्हा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़, डॉ अनुराग झा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कांकेर, अमरनाथ सिदार अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़, प्रशांत सिंह पैकरा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर उपस्थित थे।

2019 में संगठन में हुई थी शामिल
आत्मसमर्पित महिला नक्सली पार्वती शोरी वर्ष 2019 में नक्सली संगठन के रावघाट एरिया कमेटी सदस्य/रावघाट एरिया कमेटी केएमएस प्रभारी रमशीला पोटाई के द्वारा भर्ती किया गया था। वर्ष 2021 में पानीडोबीर एलओएस की स्थायी सदस्य बनी। जिसके बाद से ही वह प्रतिबंधित माओवादी संगठन की सक्रिय सदस्य रहकर कार्यरत थी।






































