तीरंदाज, रायपुर। राजधानी रायपुर में गुरुवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों ही मामलों में पुलिस अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

राजधानी रायपुर में आज सुबह पहली सड़क दुर्घटना धरसीवा के सिलतरा पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार ग्राम गिरौद में संगवारी ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को ठोकर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल दूसरे व्यक्ति की स्थिति गंभीर बताई जाती है।

पुलिस ने घायल को रायपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक एवं घायल दोनों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर पहचान के प्रयास में लगी हुई है। ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया है।

सड़क दुर्घटना का दूसरा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुआ। रायपुर रिंग रोड क्रमांक 1 पर सरोना में स्थित एक वाहन शोरूम के सामने पैदल सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बस ने चपेट में ले लिया। घटना के बाद बस चालक वाहन सहित फरार हो गया। बस की ठोकर से अज्ञात राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई डीडी नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।






































