तीरंदाज, डेस्क। भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा या नहीं यह सवाल सभी के मन में हैं। बंढती महंगाई के बीच भारत की बिगड़ी अर्थव्यस्था में सुधार को लेकर क्या किया जा रहा है यह आम लोगों को जानकारी नहीं है। इस बीव देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने आने वाले 7 सालों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था वाला देश बनने का दावा किया है। यह दावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने एक रिसर्च पेपर में किया है।
बता दें भारत वर्तमान में दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। ब्रिटेन को पीछे छोड़ भारत ने पांचवां स्थान हासिल किया है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के इकोनॉमिक रिसर्च डिपार्टमेंट की रिपोर्ट में बताया गया कि वैश्विक स्तर पर भारत की जीडीपी का हिस्सा फिलहाल 3.5 फीसदी है। साल 2014 में ये 2.6 प्रतिशत था। रिपोर्ट के अनुसार 2027 तक यह 4 फीसदी हो सकता है।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के इकोनॉमिक रिसर्च डिपार्टमेंट की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2014 के बाद से भारत ने इकोनॉमी के मोर्चे पर प्रगति की है। इसके कारण संभावना बनी है कि साल 2029 तक भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। वर्ष 2014 में भारत दुनिया की अर्थव्यवस्था में 10वें नंबर पर था। इसके बाद बीते 8 सालों में भारत पांचवें नंबर पर पहुंच गया है।

जर्मनी-जापान से आगे निकलेगा भारत
SBI की रिपोर्ट के अनुसार भारत के विकास की मौजूदा दर के अनुसार 2029 तक भारत जापान को पीछे छोड़ कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इस सप्ताह जारी जीडीपी के आंकड़ों के अनुसार, जून 2022 की तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था ने 13.5 फीसदी की दर से वृद्धि की है। आगे यह संभावना जताई जा रही है कि भारत की ग्रोथ काफी तेज रहेगी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आने वाले दिनों में भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ेगी।







































