तीरंदाज, रायपुर। छत्तीसगढ़ जल्दी ही बॉलीवुड फिल्मों में नज़र आने वाला है। यहां की धरती को प्रकृति ने तमाम खूबसूरत वादियों से सजाया संवारा है। सरगुजा से लेकर बस्तर समेत कई ऐसे इलाके और कई ऐसी जगहें हैं जहां लोग बरबस आकर्षित होकर आते हैं। प्रदेश में कई ऐसी जगह भी हैं जो कि फिल्म की शूटिंग की लिहाज से महत्वपूर्ण है। यही वजह है कि बॉलीबुड भी अब फिल्मों की शूटिंग के लिए छत्तीसगढ़ आकर्षित हो रहे हैं।

इसी बीच अब खबर आई है कि बॉलीवुड के सुपर स्टार अक्षय कुमार अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए 2 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार करीब एक सप्ताह तक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में शूटिंग करेंगे। प्रदेश में ऐसा पहली बार हो रहा है जब किसी बड़े फिल्म स्टार की फिल्म की शूटिंग होगी।

दरअसल, साउथ के सिंघम सूर्या की सुपरहिट फिल्म सोरारई पोटरु का हिंदी रीमेक बनाया जा रहा है। इसमें बॉलीवुड के सुपर स्टार अक्षय कुमार के साथ एक्ट्रेस राधिका मंदान नजर आने वाली हैं। इस फिल्म का रीमेक भी सोरारई पोटरु फिल्म की डायरेक्टर सुधा कोंगारा ही करेंगी। इसी फिल्म की शूटिंग के लिए अक्षय कुमार 2 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं।

इससे पहले फिल्म की डायरेक्टर 9 से 10 सितंबर को लोकेशन देखने के लिए छत्तीसगढ़ आ रही हैं। जबकि फिल्म की प्रोडक्शन टीम ने एक महीने पहले ही लोकेशन देख ली है। अब फिल्म की डायरेक्टर लोकेशन फाइनल करेंगी। लेकिन जानकारी मिली है कि अक्षय कुमार दो अक्टूबर को रायगढ़ में रहेंगे, वहीं फिल्म की शूटिंग होगी।

छत्तीसगढ़ सरकार के सलाहकार गौरव द्विवेदी के अनुसार निर्देशक सुधा कोंगारा से फिल्म को लेकर उनकी बात हुई है। छत्तीसगढ़ में उन्हें हर संभव सहायता और सुविधा मुहैया कराने का आश्वासन दिया गया है। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ फिल्म पॉलिसी बनाने में गौरव द्विवेदी का अहम योगदान है। जब से फिल्म पॉलिसी आई है तब से लगातार बॉलीवुड की नजर अब छत्तीसगढ़ पर है। लगातार वेब सीरीज और फिल्में शूट की जा रही हैं। किसी सुपर स्टार की शूटिंग पहली बार होने जा रही है।





































