तीरंदाज, रायपुर। भाजपा में चल रही बदलाव की बयार कुछ ज्यादा ही तेज़ चल पड़ी है। कौन कब किस पद से हटा दिया जाए, कहना मुश्किल है। पार्टी जिस मूड में है, उसे देखकर सूरमाओं के हलक सूख रहे हैं। इसी बीच नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया। हालाँकि यह पद उन्हें ज्यादा समय के लिए नहीं मिला और कुछ देर बाद ही पुनः रमन को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया गया।

दरअसल मामला बुधवार को रायपुर में हुई विधायक दल की बैठक का है। बैठक के बाद आठ दिन पहले प्रदेश अध्यक्ष बने अरुण साव ने ट्विटर पर बैठक से सम्बंधित पोस्ट किया। इसमें रमन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष लिख दिया। फिर क्या था, ट्रोलर आर्मी सक्रिय हो गई। कांग्रेस तो जैसे ताक में ही बैठी थी।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आरपी सिंह ने अरुण साव के ट्वीट का स्क्रीन शॉट लेकर ट्विटर पर लिखा “लगता है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनते ही अरुण साव शार्ट टर्म मैमोरी लॉस के शिकार हो गए हैं। अब उन्हें जेपी नड्डा जी की जगह डॉ. रमन सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष नज़र आने लगे हैं।”
लगता है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनते ही @ArunSao3 शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस के शिकार हो गए हैं ! अब उन्हें @JPNadda जी की जगह @drramansingh राष्ट्रीय अध्यक्ष नज़र आने लगे हैं । @bhupeshbaghel @INCChhattisgarh @BJP4India pic.twitter.com/wohCeEDdc9
— R. P. Singh (@rpsinghraipur) August 18, 2022

एक यूजर पुनेश्वर लहरे ने लिखा – “भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष Arun Sao के द्वारा
Dr Raman Singh को राष्ट्रिय अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।” कुछ और लोगों ने भी अरुण साव के इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी। इसके बाद अरुण ने अपना ट्वीट संशोधित कर दिया और रमन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष से वापस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया।
बैठक में प्रमुख रूप से भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष @drramansingh, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी श्रीमती @PurandeswariBJP, सह प्रदेश प्रभारी श्री @NitinNabin, क्षेत्रिय संगठन महामंत्री श्री @AjayJamwalNE, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री @PawanSaiBJP उपस्थित रहे। pic.twitter.com/SVz1FTbcmI
— Arun Sao (@ArunSao3) August 18, 2022





































