तीरंदाज, रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों की दशा अब सुधरेगी। लंबे समय से किए जा रहे स्कूल भवनों की मरम्मत का इंतजार अब खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्कूल भवनों के मरम्मत व संधारण के लिए 500 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। इस राशि का उपयोग प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों की मरम्मत के लिया जाएगा। जल्द ही आवश्यकतानुसार स्कूलों की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।

बता दें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान कई जगह स्कूल भवनों के मरम्मत की मांग की गई थी। इस दौरान यह भी पता चला कि स्कूल भवनों की मरम्मत नहीं होने से बारिश के दिनों में काफी दिक्कतें होती हैं। इसके ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसका हल निकाला है। उन्होंने सोमवार को स्कूल भवनों के मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत कर दी है।

मुख्य सचिव को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शाला भवनों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए 500 करोड़ रुपए की स्वीकृति देने के साथ ही मुख्य सचिव को निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि सभी स्कूलों में में निर्विघ्न पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए वर्षा ऋतु समाप्त होते ही इनकी मरम्मत का कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए।

सीएम बघेल ने कहा कि भेंट-मुलाकात अभियान के दौरान मुख्यमंत्री को ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से शाला भवनों की दशा के बारे में जानकारियां मिली थी। लंबे समय से शाला भवनों की मरम्मत के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान ना होने से छात्रों की पढ़ाई में बाधा उत्पन्न हो रही थी। अब जल्द ही स्कूल भवनों को नया रूप दिया जाएगा।






































