तीरंदाज, रायपुर। छत्तीसगढ़ में डीए व एचआरए बढ़ाने की मांग को लेकरी हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीधी चेतावनी दी है। सीएम भूपेश बघेल बुधवार को हिमांचल प्रदेश से लौटे और इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि सभी हठधर्मिता छोड़कर काम पर लौट आएं। दो सितंबर तक लौट आए तो कोई बात नहीं है। उसके बाद तो सर्विस ब्रेक के साथ वेतन भी कटेगा।

बता दें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार सुबह ट्विटर के माध्यम से हड़ताली कर्मचारियो से काम पर लौटने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है इसलिए काम पर लौट जाए। सरकार हमेशा कर्मचारियों के हित मे फैसले लेते रही है और आगे भी लेगी। सरकार ने पुरानी पेंशन योजना लागू कर यह दिखाया भी है। दोपहर को अपील के बाद शाम को सीएम बघेल ने चेतावनी दी है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कितने दिन तक हड़ताल करेंगे अब उन्हें वापस लौटना चाहिए। सीएम बघेल ने कहा कि कर्मचारियों की मांग पर हमने 6 प्रतिशत डीए बढ़ा दिया है। कर्मचारी काम पर लौटे और आकर मुझसे बात करें तो कोई बात बने। हड़ताल पर रहने से कर्मचारियों का भी नुकसान है और आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि काम पर लौट जाए तो कोई बात नहीं। जो कर्मचारी काम पर लौट जाएंगे अवकाश अवधि में उनका समायोजन किया जाएगा। वहीं 2 सितंबर के बाद भी यदि कर्मचारी नहीं लौटे तो कार्रवाई तय है। जो आदेश जारी हुआ है उसके अनुसार ही सरकार काम करेगी। 2 सितंबर के बाद सर्विस ब्रेक भी होगा और तनख्वाह काटने की भी कार्रवाई की जाएगी।






































