जांजगीर। यहां के एक स्कूल के मास्टर को छात्राओं से छेड़खानी करना भारी पड़ गया। स्कूल मास्टर बुरी नीयत से छात्राओं को छेड़ते थे। छात्राओं ने इसकी शिकायत हेडमास्टर से भी की थी इसके बाद भी मास्टर की आदत नहीं सुधरी। मामला परिजनों तक पहुंची और फिर इस मामले में थाने में शिकायत हुई। जांच के बाद पुलिस ने मास्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मास्टर के खिलाफ छेड़खानी व पॉक्सो के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला हसौद थाना क्षेत्र स्थित झरप गांव का है। यहां के सरकारी स्कूल में राघवेन्द्र तिवारी सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत है। स्कूल की छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक राघवेन्द्र तिवारी गलत नीयत से उन्हें छूता है। यहां वहां हाथ लगाता है। लगातार छेडखानी करने से परेशान छात्राओं ने 28 मार्च को इसकी शिकायत स्कूल के हेडमास्टर से की।
छात्राओं की शिकायत पर स्कूल के हेडमास्टर ने शिक्षक को बुलाकर उसे समझाइश दी और इस प्रकार की हरकतें न करने की हिदायत भी दी। इसके बाद भी शिक्षक राघवेन्द्र तिवारी की हरकतों में सुधार नहीं आया। शिक्षक ने छात्राओं से दोबारा छेड़खानी शुरू कर दी। इस बार छात्राओं ने हेडमास्टर को बताने की बजाए घर पर अपने परिजनों को जानकारी दी।
स्कूल पहुंचकर परिजनों ने किया हंगामा
परिजनों तक शिकायत पहुंची तो मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद मंगलवार को परिजन बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि परिजनो ने इस दौरान शिक्षक को उनके हवाले करने कहा। परिजन पूरी तरह उक्त शिक्षक को मजा चखाने पहुंचे थे। हंगामा बढ़ा तो प्रशासनिक अधिकारी व जिला शिक्षा अधिकारी व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। परिजनों को शांत कराने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
इधर इस मामले में हसौद पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद शिक्षक राघवेन्द्र तिवारी को हिरासत में लिया गया। जांच के बाद उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। बुधवार को आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो व धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।