कोंडागांव। पूजा पाठ के जरिए रुपए दोगुने और चार गुना करने का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। शातिरों के झांसे में आए शख्स ने अपने 50 हजार रुपए लुटा दिए। मेले में पहचान होने के बाद दो युवकों ने शख्स को रुपए डबल करने का झांसा दिया। सख्स ने दोनों युवकों को 50 हजार रुपए दे दिए। मंदिर में पूजा कराने के बाद शातिरों ने एक बैग दिया और 14 दिन बाद खोलने के लिए कहा। 14 दिन बाद जब शख्स ने बैग खोला तो उसमें नकली नोट निकले।
यह मामला कोंडागांव के फरसगांव थाना क्षेत्र का है। यहां एक शख्स के साथ इसी प्रकार का फ्रॉड हुआ। फरसगांव पुलिस के मुताबिक घटना लगभग एक माह पुरानी है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं उसका दूसरा साथी फरार है। आरोपी दुजराम बांधे बालोद का रहने वाला है और यह इस प्रकार का फ्रॉड करता रहता है। इसके दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।
यह था मामला
कोंडागांव निवासी जोगेंद्र नेताम (36) ने 8 मार्च को अपने साथ हुए 50 हजार रुपए के फ्रॉड की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसने बताया कि कोंडागांव में मेले में उसकी दो युवको से मुलाकात हुई। इन दोनों ने पूजापाठ के बल पर 14 दिनों में रुपए को चार गुना करने का दावा किया। जोगेन्द्र नेताम को दोनों ने अपनी बातों में फंसा लिया। दोनों युवकों ने जोगेन्द्र को फरसगांव के पास जटायु टेकरी के पास शिव मंदिर में बुलाया।
शिवमंदिर में पूजा पाठ का पूरा प्रबंध किया गया। यहां दोनों युवकों ने दो घंटे से भी ज्यादा पूजा की। इसके बाद जोगेन्द्र से 50 हजार रुपए और एक बैग इसे देते हुए कहा कि 14 दिन बाद बैग को खोलना तुम्हें 2 करोड़ रुपए मिल जाएंगे। इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए। 14 दिन बाद जब जोगेन्द्र ने बैग खोला तो उसमें 50 हजार रुपए के नकली नोट भरे थे। इसके बाद उसने दोनों युवको को फोन लगाया लेकिन उनके फोन बंद मिले। तब जाकर उसे ठगी का अहसास हुआ और थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ाया आरोपी
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इस दौरान पुलिस ने आसपास क कई सीसी टीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई। इनमें से एक दुजराम बांधे को पुलिस ने बालोद से गिरफ्तार किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। वहीं इस मामले में दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इनके पास नकली नोट कहां से आए।