खैरागढ़। विधानसभा उपचुनाव में इस बार मतदाता पूरे उत्साह में हैं। सुबह धीमी शुरुआत के बाद यहां दोपहर आते आते यहां मतदान तेज होने लगा। सुबह 11 बजे तक ही यहां पिछले चुनाव का रिकार्ड टूट गया। दोपहर डेढ़ बजे तक ही यहां पर 53 फीसदी तक मतदान हो चुका है। इससे पहल 11 बजे तक जारी रिपोर्ट में मतदान का प्रतिशत 39 फीसदी पार हो गया था। जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में यहां कुल वोटिंग मात्र 36 फीसदी ही हुई थी।
बता दें खैरागढ़ उपचुनाव को लेकर इस बार मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह 7 बजे चुनाव शुरू होने के बाद शुरुआती डेढ़ घंटे में मतादान काफी धीमा रहा। इसके बाद जोर पकड़ने लगा। कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा यशोदा वर्मा ने ग्राम देवारीभाट के शासकीय प्राथमिक शाला पहुंच कर मतदान किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल ने परिवार सहित अपने गांव घिरघोली में बने बूथ पर मतदान किया।
दोपहर डेढ़ बजे तक 50 फीसदी के पार
खैरागढ़ उपचुनाव में मतदान का प्रतिशत लगातार बढ़ता जा रहा है। दोपहर डेढ़ बजे तक यहां पर मतदान 53 फीसदी के करीब हो गया। पिछले विधानसभा चुनाव में जहां मतदाताओं ने रुचि नहीं ली वहीं इस बार सभी मतदान केन्द्रों में रिकार्ड वोटिंग हो रही है। जिस रफ्तार ने यहां मतदान हो रहा है उसे देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि शाम पांच बजे तक 80 फीसदी से ज्यादा मतदान हो जाएगा।
जिले की घोषणा का दिख रहा असर
खैरागढ़ उपचुनाव में मतदान के प्रति लोगों का उत्साह बता रहा है कि वे भी नया जिला चाह रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी ने वोट देने के बाद कहा कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा ने लोगों में उत्साह भर दिया है। यहां कांग्रेस की जीत भी पक्की है और खैरागढ़ का जिला बनना भी पक्का है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने वादे के मुताबिक 17 अप्रैल को खैरागढ़ को जिला बनाएंगे।
291 मतदान केन्द्रों में हो रही है वोटिंग
खैरागढ़ उपचुनाव के लिए प्रशासन ने 291 मतदान केंद्र बनाए हैं। इन बूथों पर 2 लाख 11 हजार 516 मतदाता प्रत्याशी के भाग्य का फैसला करेंगे। भाजपा, कांग्रेस और JCCJ के अलावा 7 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी तारण प्रकाश सिन्हा ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मतदान करने की अपील की है।