राजनांदगांव। खैरागढ़ विधानसभा चुनाव के बाद मतगणना जारी है। कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा लीड सभी राउंड में बरकरार है। खैरागढ़ की जनता ने कांग्रेस प्रत्याशी को सिर पर बिठा लिया है। 6 राउंड की गणना पुरी होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने 8 हजार से ज्यादा वोटों की लीड बना ली हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी लगातार पिछड़ते जा रहे हैं।
खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शनिवार सुबह 8 बजे से जारी है। छठा राउंड पूरा होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा निर्णायक बढ़त की ओर बढ़ती दिख रही हैं। अब कांग्रेस प्रत्याशी को 8800 से ज्यादा वोटों की लीड मिल चुकी है। इसके साथ की मतगणना स्थल पर सीएम बघेल जिंदाबाद के नारे गूंजने लगे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे जोश में दिखाई दे रहे हैं और अभी से बधाइयों का दौर भी शुरू हो गया है।
इससे पहले पांचवे राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी 6500 से ज्यादा वोटों की लीड पर थी। चौथे राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद यशोदा वर्मा करीब 5 हजार वोटों से आगे थीं। तीसरे राउंड में 3704, दूसरे राउंड में 2557 और पहले राउंड में 1175 वोटों से आगे थीं। इनकी बढ़त हर राउंड के साथ बढ़ती ही जा रही है। वहीं भाजपा प्रत्याशी काफी पीछे हो गए हैं। भाजपा खेमा धीरे धीरे मतगणना स्थल से जाने लगा है।
जोश में कांग्रेस के कार्यकर्ता
मतगणना जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे वैसे कांग्रेस प्रत्याशियों का जोश बढ़ता जा रहा है। अब तक के नतों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश में लगातार पांचवा उपचुनाव जीतने के करीब है। इससे पहले कांग्रेस ने चार उपचुनाव में जीत दर्ज की है। प्रदेश में सीएम भूपेश बघेल की विकासकारी योजनाओं का जादू चल रहा है। वहीं भाजपा का ग्राफ प्रदेश में लगातार गिरता जा रहा है।
एक लोकसभा व तीन अन्य विधानसभा में भी भाजपा पीछे
खैरागढ के साथ ही पश्चिम बंगाल में बालीगंज, बिहार में बोचहां और महाराष्ट्र का कोल्हापुर तथा एक लोकसभा सीट पश्चिम बंगाल का आसनसोल में भी 12 अप्रैल को मतदान हुआ था। यहां पर भी मतगणना जारी है। फिलहाल भाजपा सभी सीटों पर पीछे चल रही है। आसनसोल और बालीगंज में टीएमसी आगे चल रही है। तो कांग्रेस छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ के अलावा और महाराष्ट्र के कोल्हापुर उत्तर में आगे चल रही है। वहीं बिहार के बोचहां में आरजेडी आगे चल रही है।