राजनांदगांव। खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा जीत के और करीब पहुंच गई हैं। 17 राउंड की मतगणना के बाद बढ़त भी 18 हजार के पार पहुंच गई है। यहां से कांग्रेस की जीत की औपचारिकता ही बची है। वहीं मायूस भाजपा खेमा मतगणना स्थल से जा चुका हैं। सुबह मतगणना शुरू होने के बाद पहले राउंड से पिछड़ने के कारण मतगणना स्थल पर भाजपा का कोई भी बड़ा नेता नजर नहीं आया।
बता दें खैरागढ़ में 12 अप्रैल को मतदान होने के बाद शनिवार को राजनांदगांव के बही निगम परिसर में मतगणना की जा रही है। पहले राउंड में कांग्रेस की यशोदा वर्मा ने 1175 वोटो की लीड ली। यह लीड तीसरे राउंड तक तीन हजार के पार और पांचवां राउंड पूरा होते होते 6 हजार से ज्यादा की लीड हो गई। 10 राउंड तक लीड 11 हजार के पार हो गई। 15 वें राउंड में यह लीड बढ़कर 15 हजार के पार चली गई थी। 17 वें राउंड के बाद कांग्रेस की बढ़त 18 हजार के पार हो गई है।
नए जिले का दांव चला
खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस की ओर से सीएम भूपेश बघेल ने बड़ा दांव चला था। सीएम ने चुनाव जीतने के बाद खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा की थी। खैरागढ़, छुईखदान व गंडई को मिलाकर नया जिला बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का यह दांव चल गया। एक तो मतदान प्रतिशत में वृद्धि हुई और कांग्रेस को यहां जबरदत सफलता मिलती दिख रही है। अब तक की मतगणना के बाद कांग्रेस की जीत तय हो गई है।
भूपेश है तो भरोसा है
कांग्रेस को मिल रही लीड के साथ ही इसकी जीत भी तय हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता भूपेश है तो भरोसा है के नारे के साथ जश्न मना रहे हैं। कार्यकर्ताओं के चहरों पर भी भूपेश बघेल के मुखौटे दिख रहे हैं। मतगणना स्थल राजनांदगांव से लेकर खैरागढ़ व रायपुर तक जश्न का माहौल है। इस बीच कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा का भी बयान आया है। उन्होंने कहा वे 30 हजार से भी ज्यादा मतों से विजयी होंगी।