तीरंदाज, भिलाई। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में जनता ने कांग्रेस सरकार के पक्ष में जनादेश दिया है। कांग्रेस की यशोदा वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल को 20,067 मतों से पराजित कर दिया। इस जीत के बाद 70 सीटों के साथ प्रदेश में सरकार बनाने वाली कांग्रेस विधानसभा में और मजबूत हो गई है। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की कुल संख्या 71 हो गई है।
हालाँकि भाजपा ने एड़ी-छोटी का जोर लगाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। लेकिन, जोगी कांग्रेस का एक और किला जरूर ढहा गया है। बता दें कि आम चुनाव में जोगी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने वाले देवव्रत सिंह के निधन के बाद ये सीट खाली हो गयी थी। इसके पहले अजित जोगी की सीट पर भी कांग्रेस की जीत हुई थी।
शुरुआती चरण से ही कांग्रेस की प्रत्याशी यशोदा वर्मा बढ़त बनाए हुए थीं। सात राउंड की गिनती के बाद ही बढ़त का अंतर 10 हजार के करीब पहुंच चुका था। अगर राउंड 11 और 12 को छोड़ दें तो किसी भी राउंड में भाजपा प्रत्याशी को कांग्रेस प्रत्याशी से ज्यादा वोट नहीं मिले। उपचुनाव में कांग्रेस की यशोदा वर्मा का सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल के बीच था।
जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी का कोई भी प्रभाव चुनाव में नहीं दिखा, जबकि यह सीट पहले जोगी कांग्रेस के पास थी। जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी अधिवक्ता नरेंद्र सोनी को बहुत ही कम वोट मिला। रुझानों से हर्षित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित तमाम नेता इसे अपनी सरकार की उपलब्धि का नतीजा बता रहे हैं। उनका दावा जायज भी है। क्योंकि ये सीट जोगी कांग्रेस के खाते की थी। जिसे उपचुनाव में अपने खाते में लाने में कांग्रेस सफल रही।
नतीजा सरकार के पक्ष में आया तो यह कहना भी स्वाभाविक हो गया है कि प्रदेश सरकार की नीतियों से जनता संतुष्ट है। इसी कारण से कांग्रेस के प्रत्याशी पर भरोसा जताते हुए उनके पक्ष में मतदान किया। अब नतीजे तो स्पष्ट हैं और यह भी तय हो गया है कि यह रविवार खैरागढ़ के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन होगा। क्योंकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुसार चुनाव जीतने के 24 घंटे के भीतर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एक नया जिला होगा। इससे क्षेत्र के लोगों को फायदा भी होगा। उन्हें प्रशासनिक कार्यों के लिए राजनांदगांव मुख्यालय नहीं जाना होगा।
जोगी कांग्रेस अब तीन सीटों पर सिमटी
वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में जोगी कांग्रेस को 5 सीटें मिलीं थी। लेकिन 2020 में अजित जोगी के निधन के बाद मरवाही सीट खली हो गयी थी। वर्ष 2020 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई थी। इसके बाद खैरागढ़ उपचुनाव में भी जोगी कांग्रेस की यह सीट चली गयी। अब जोगी कांग्रेस में तीन विधायक हैं। एक कोटा विधानसभा से अजित जोगी की पत्नी, बलोदा बाजार से प्रमोद शर्मा और एक लोरमी सीट।