बलौदा बाजार। जिले में दो बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने दोनों बच्चों की हत्या कर उनके शव खेतों में फेंक दिए। सुबह ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों बच्चे पिछले दो दिनों से लापता थे। घटना कसडोल थाना क्षेत्र का है। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना अंतर्गत चकरबाय गांव निवासी लवेंद्र (6) तथा शौर्य चेलक (7) दो दिन से लापता थे। दोनों के लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई गई। दोनों बच्चों के घर अगल बगल में हैं। दोनों बच्चे खेल रहे थे घर वालों ने भी इस दौरान ध्यान नहीं दिया। जब घर वालों ने देखा बच्चे बाहर नहीं हैं तो खोजबीन शुरू की गई।
पुलिस के पास पहुंची शिकायत
दोनों बच्चों की काफी तलाश की गई। दोनों बच्चों को परिचितों व आसपास के रिश्तेदारों घर पर खोजा गया ले लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद सोमवार को भी दिनभर बच्चों की तलाश में परिजन भटकते रहे लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। इस दौरान परिजनों का बुराहाल था। वहीं मंगलवार सुबह खेतों में दो बच्चों के शव मिलने की सूचना मिली।
परिजनों ने की बच्चों की शिनाख्त
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं दोनों बच्चों के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों बच्चों के शव खून से लतपथ पड़े थे। दोनों बच्चों के सिर पर पत्थर या किसी भारी चीज से वार के निशान हैं। मौके पर पहुंचे परिजनो ने शवों ने की शिनाख्त की। फिलहाल शवों को पीएम के लिए भेजा गया है। पुलिस सकते में हैं कि बच्चों से किसी की क्या दुश्मनी हो सकती है जो इतनी क्रूरता से इनकी हत्या की गई। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।