तीरंदाज डेस्क। रूस –यूक्रेन वार 9 वें दिन तक पहुंच गया है। इस बीच यहां रूसी सैनिकों की गोलीबारी में जिपोजिरिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में आग लग गई है। इसे लेकर चिंता बढ़ गई है। इस बीच पौलेंड बॉर्डर पर भारतीय छात्रों को लेने गए रिटायर जनरल वीके सिंह ने कीव में एक छात्र को गोली लगने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा है भारतीय छात्र को गोली लगी है उसका इलाज किया जा रहा है।
यूक्रेन ने दावा किया है जपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट में रूसी स्ट्राइक की वजह से आग लग गई है। इनरगोडर के मेयर देमित्रो ओरलोव ने कहा कि ये आग टैंको से लगातार की जा रही गोलाबारी की वजह से लगी है। रूसी गोलीबारी में जापोरीझझया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में आग के बाद साइट के पास विकिरण के ऊंचे स्तर का पता चला है। यह ऊर्जा संयंत्र यूक्रेन की बिजली उत्पादन का लगभग 25 फीसदी जरूरतें पूरी करता है।
इधर अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्यामगल और यूक्रेनी परमाणु नियामक और ऑपरेटर के साथ बात की है। उन्होंने रूस से बल प्रयोग रोकने की अपील की और रिएक्टरों से टकराने पर गंभीर खतरे की चेतावनी दी।
10 लाख लोगों ने छोड़ा यूक्रेन
इधर खबर यह भी है कि रूसी हमले के बीच अब तक 10 लाख लोगों ने यूक्रेन छोड़कर दूसरे देशों की शरण ली है। यूएन के प्रवक्ता ने बताया है कि हमले के कारण 209 नागरिकों की जान गई है, 1500 से ज्यादा नागरिक घायल हुए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है युद्ध और लंबा चला तो यह आंकड़ा बढ़ सकता है। फिलहाल रूसी हमलों से बचने के लिए लोग शेल्टर का सहारा ले रहे हैं।
ह्यूमैनिटेरिअन कॉरिडोर के निर्माण पर बनी सहमति
इस बीच दोनों देशों के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर की बातचीत में ह्यूमैनिटेरिअन कॉरिडोर के निर्माण पर सहमति बनी है। इस कॉरिडोर के तहत युद्ध क्षेत्र के लोगों के बीच भोजन और दवा पहुंचाने का काम किया जाएगा। वार्ता के बाद यूक्रेन की ओर से भी बयान है। यूक्रेन ने कहा है कि इस बातचीत के नतीजों से हम संतुष्ठ नहीं हैं जल्द ही तीसरे दौर की बैठक बुलाई जाएगी जिसमें महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
अमेरिका देगा यूक्रेनो 10 अरब डॉलर की सहायता
अमेरिका ने यूक्रेन के लिए बढ़ा ऐलान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन को 10 अरब डॉलर सहायता राशि देने का प्रस्ताव अमेरिकी कांग्रेस को भेजा है। परमिशन मिलने के बाद यह पैसा यूक्रेन भेजा जाएगा। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने पुतिन से अपील की है कि युद्ध तुरंत रोककर सैनिक को वापस जाने का आदेश दें। जेलेंस्की का यह बयान रूस और यूक्रेन के बीच दूसरे दौर की वार्ता खत्म होने के बाद आया।