कबीरधाम। जिले में होली के दिन युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव शुक्रवार को उसके घर से करीब आधा किमी दूरी पर आधजली अवस्था में मिला। युवक की हत्या के बाद उसके शव को जलाने का प्रयास किया गया था। घटना की सूचना के पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। होली की छुट्टी के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना कबीरधाम जिले के पंडातराई थाना क्षेत्र का है। मृतक युवक की पहचान जुगेश साहू (24) के रूप में हुई है। किसी ने युवक हत्या कर उसके शव को जला दिया था लेकिन वह पूरी तरह से जल नहीं पाया। जिस जगह पर युवक के शव को जलाने का प्रयास किया गया वह उसके घर से महज 500 मीटर की दूरी है।
पंडातराई पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की हत्या किन कारणों से की गई है। वहीं घटना की सूचना के बाद मृतक युवक के पिता मौके पर पहुंचे। पंचनाम के बाद फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉच्युरी में रखवा दिया है। होली की छुट्टी होने के अभी पीएम नहीं हो पाया है। पीएम के बाद मौत का कारण भी स्पष्ट हो सकेगा।
आज सुबह ग्रामीणों ने देखा था शव
पुलिस के मुताबिक सुबह ग्रामीणों ने अधजले शव को देखकर सूचना दी थी। मृतक जुगेश साहू मजदूरी करता था। पूछताछ में पता चला कि होलिका दहन की रात भर वह घर के आसपास ही था। पुलिस का अनुमान है कि हत्या तड़के 4 बजे से 8 बजे के बीच हुई है। हत्या के बाद शव को जलाने का प्रयास किया गया। संभवना यह भी है कि होलिका दहन के दौरान युवक का किसी से विवाद हुआ होगा। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम होगा इसके बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। आगे परिजनों से बयान लेने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।