रायपुर। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। चयन समिति की हामी के बाद पार्टी ने यशोदा वर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वे राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं।
छत्तीसगढ़ में खैरागढ़ उपचुनाव को लेकर कांग्रेस, भाजपा, जकांछ समेत अन्य पार्टियां सक्रिय है। मंगलवार को खैरागढ़ उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने यशोदा वर्मा पर भरोसा जताते हुए टिकट दिया है। ग्रामीण महिला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष यशोदा वर्मा को प्रत्याशी बनाया है।
लोधी समुदाय की यशोदा वर्मा राजनांदगांव जिला पंचायत की सदस्य रही हैं। वहीं पति निलंबर वर्मा भी जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। नीलांबर कृषि मंत्री रविंद्र चौबे के करीबी माने जाते हैं। यशोदा वर्मा वर्तमान में ब्लॉक कांग्रेस की अध्यक्ष हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होते ही यशोदा वर्मा ने समर्थकों के साथ दोपहर पौने दो बजे जिला पंचायत भवन पहुंचकर नामांकन फार्म लिया। हालांकि मंगलवार को चौथे दिन भी किसी का नामांकन फार्म जमा नहीं हुआ। पार्टी के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी 24 मार्च को वरिष्ठ नेताओं के साथ रैली के साथ नामांकन फार्म जमा करने पहुंचेंगी।
नामांकन की अंतिम तिथि दो दिन 24 मार्च तक है। माना जा रहा है कि अंतिम दोनों दिनों में नामांकन जमा करने को लेकर होड़ मच सकती है। अब तक स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत सदस्य विप्लव साहू का ही नामांकन दाखिल हुआ है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की तरफ से मंगलवार को फार्म जमा करने कुछ कार्यकर्ता कक्ष तक पहुंचे जरूर थे, लेकिन दस्तावेजी कमियों के कारण वे नामांकन दाखिल नहीं कर सके।
बता दें कि अपने गृह ग्राम देवारीभाट से सरपंच के रूप में राजनीतिक सफर शुरू करने वाली यशोदा जिला पंचायत सदस्य भी रह चुकीं हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस से उनकी मजबूत दावेदारी थी। बताया गया कि इस बार भी सर्वे में उनका नाम हर बार पहले क्रम पर आया था। वे वर्तमान में लोधी समाज की महिला विंग की जिलाध्यक्ष भी हैं।
किसान परिवार से जुड़ी यशोदा के पति नीलांबर वर्मा भी कांग्रेस में सक्रिय हैं। एक बार वे जनपद सदस्य के अलावा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे दो दशक से राजनीति में हैं।
दूसरी ओर प्रमुख प्रतिद्वद्वी भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन चल रहा है। संभावना जताई जा रही है कि भाजपा भी किसी नए चेहरे को मैदान में उतार सकती है। संभव है प्रतयाशी लोधी समाज के साथ महिला हो सकती है।
(TNS)