अंबिकापुर। शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे सरकारी बंगलों को भी टारगेट करने लगे हैं। ताजा मामले में यहां प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री व वर्तमान राज्यसभा सदस्य राम विचार नेताम के सरकारी बंगले पर चोरों ने धावा बोला। होली की रात चोर बंगले में घुसे और दो अलमारियां का ताला तोड़ ड़ेढ़ लाख का माल ले उड़े। मामले में शनिवार को शिकायत दर्ज की गई जांच के बाद पुलिस ने रविवार को अपराध दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार होली की रात को प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम के सरकारी बंगले में चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात राम विचार नेताम बंगले में नहीं थे। चोरों ने बंगले में घुस कर अलमारी से सोने के जेवर व नगदी 50 हजार रुपए ले गए। दूसरे दिन इसकी जानकारी होने के बाद निज सहायक सुब्रत चाकी ने गांधी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
गांधी नगर पुलिस के अनुसार राज्यसभा सांसद राम विचार नेताम के सरकारी बंगले से चोरों ने दो अंगूठी, एक हार व 50 हजार रुपए चुराए हैं। इस प्रकार कुल डेढ़ लाख रुपए का सामान चोरों ने पार कर दिया है। शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
सरंक्षित क्षेत्र में है निवास
राज्यसभा सांसद का सरकारी आवास शहर के संरक्षित क्षेत्र में है। यहां आईएएस, आईपीएस, जज, एसडीएम व सरकार के बड़े-बड़े अफसरों के बंगले हैं। यही नहीं प्रदेश के शिक्षामंत्री का सरकारी बंगला भी इसी क्षेत्र में है। इस क्षेत्र में चोरी से पुलिस भी सकते में हैं। माना जा रहा है कि होली के कारण सुरक्षा में थोड़ी कमी रही इस वजह से चोर यह कारनामा कर पाए।
जल्द पकड़े जाएंगे चोर
सरगुजा एसपी अमित तुकाराम कांबले ने बताया कि राज्यसभा सांसद राम विचार नेताम के सरकारी आवास पर चोरी हुई है। मामले विवेचना की जा रही है। चोर करीब डेढ़ लाख का सामान चुरा ले गए। पुलिस चोरों की तलाश में है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।