तीरंदाज डेस्क। रूस यूक्रेन युद्ध के बीच मंगलवार का खारकीव शहर में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने ट्विट कर इसकी जानकारी दी है। मृतक भारतीय छात्र का नाम नवीन कुमार बताया गया है जो कर्नाटक का रहने वाला था। उसकी उम्र 21 साल थी और वह खाना लेने के लिए बाहर निकला था। वह खार्किव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में फोर्थ ईयर का छात्र था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्र के पिता से बात कर दुख जताया है।
बता दें कि रूस व यूक्रेन वार 6 वें दिन खतरनाक मोड़ पर आ गया है। दोनों देशों के बीच हुई वार्ता के विफल होने के बाद रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव खारकीव शहरों में हमले तेज कर दिए हैं। इसबीच मंगलवार को इंडियन एंबेसी से एडवायजरी जारी कर भारतीय छात्रों व नागरिकों को किसी भी माध्यम से कीव व खारकीव शहर छोड़ने की सलाह दी थी।
शहर छोड़ने के प्रयास में लगी गोली
बताया जा रहा है कि इंडियन एंबेसी की एडवायजरी के बाद भारतीय छात्रों में शहर छोड़ने की होड़ मच गई। इस दौरान कई छात्र शहर छोड़ने माध्यम खोजने लगे। छात्रों का रूख रेलवे स्टेशनों की ओर था। बताया जा रहा है कि इस बीच खारकीव शहर के एक मॉल के पास गोलीबारी की चपेट में भारतीय छात्र आ गया। इसके कारण उसकी मौत हुई।
विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
इस संबंध में विदेश मंत्रालय के अफसर अरिंदम बागची ने ट्विट कर कहा है कि गहरे दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खार्किव में हुई गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई। विदेश मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है। उन्होंने एक और ट्विट में कहा कि विदेश सचिव रूस और यूक्रेन के राजदूतों से भारतीय नागरिकों को तत्काल सुरक्षित मार्ग निकालने की मांग कर रहे हैं।
सातवीं फ्लाइट पहुंची भारत
वार के बीच भारत का ऑपरेश गंगा लगातार चलाया जा रहा है। मंगलवार को ऑपरेशन गंगा के तहत, यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर सातवीं फ्लाइट भी भारत पहुंच गई है। मंगलवार सुबह 182 भारतीय नागरिकों को लेकर सातवीं फ्लाइट रोमानिया से मुंबई पहुंची। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने मुंबई हवाई अड्डे पर भारतीय छात्रों का स्वागत किया।
यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत पर सीएम बघेल ने जताया दु:ख
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यूक्रेन में भारतीय छात्र की मृत्यु पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यूक्रेन में भारतीय छात्र की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है। इस पीड़ा में पूरा देश छात्र के परिवारजनों के साथ है। ईश्वर उनके माता-पिता, उनके चाहने वालों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारत सरकार से पूरा देश इस समय यूक्रेन से भारतीयों को वापस लाने के प्रयासों में तेजी लाने की अपील कर रहा है।