कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई हुई है। यह कार्यवाही कोंडागांव कोतवाली पुलिस द्वारा की गई। आंध्र प्रदेश से छत्तीसगढ़ के रास्ते हरियाणा ले जाने की तैयारी में तस्कर निकला था। कोंडागांव पुलिस की सतर्कता ने इन तस्कर के इरादों पर पानी फेर दिया। चेकपोस्ट पर जांच में पुलिस ने लगभग सवा करोड़ रुपए के गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

कोंडागांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांजे की तस्करी रोकने के लिए बनाए गए चेक पोस्ट पर रोजाना वाहनों की तलाशी ली जा रही है। इस दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। देखने पर ट्रक में वाटर फिल्टर लोड़ थे। लेकिन पुलिस को यहां गांजे की गंध आ रही थी। ट्रक पर चढ़कर तलाशी ली गई लेकिन कुछ नहीं मिला। फिर पुलिस ने वाटर फिल्टर मशीनों को नीचे उतरवाया।
वाटर फिल्टर मशीनों को नीचे उतारकर जांच करने पर पुलिस भी हैरान रह गई। मशीनों के अंदर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने 648 किलो गांजा तस्कर के जब्त किया है। जो 290 पैकेट में छिपाकर ले जाया जा रहा था। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 30 लाख बताई जा रही है। मामले में तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कोंडागांव पुलिस गिरफ्त में आए तस्कर ने अपना नाम सतवीर गुर्जर (58) निवासी हरियाणा बताया है। गांजा तस्कर ने पुलिस को बताया कि उसने यह गांजा आंध्र प्रदेश से लोड करवाया था। छत्तीसगढ़ के रास्ते वह हरियाणा ले जा रहा था। हरियाणा में गांजा वहां के लोकल तस्कर को सप्लाई करने की योजना थी। फिलहाल पुलिस ने गांजा जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हरियाणा में कि तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है।
कोंडागांव एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि गांजे की तस्करी करने वालों पर कार्यवाही के लिए चेक पोस्ट पर 24 घंटे जवान तैनात हैं। इसलिए लगातार पुलिस को सफलता मिल रही है। 1 एक दिन पहले ही यहां दो करोड़ रुपए की कीमत की चंदन की लकड़ियों के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। चेक पोस्ट पर पुलिस की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।




































