रायपुर। पंजाब की सफलता से लबरेज आम आदमी पार्टी अब छत्तीसगढ़ में भी बदलाव की तैयारी कर रही है। सोमवार को राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान से आम आदमी पार्टी की विजय यात्रा निकाली गई। इस विजय यात्रा का स्लोगन बदलबों छत्तीसगढ़ रखा गया। दिल्ली से आप के मंत्री गोपाल राय इस विजय रैली में शामिल हुए। इस दौरान रास्ते भर सत्ता बदलनी चाहिए गीत गूंजता रहा।
रायपुर के साइंस कालेज मैदान से दिल्ली के मंत्री और प्रदेश प्रभारी गोपाल राय, विधायक संजीव झा, सह प्रभारी सुरेश कठैत, छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी आदि के नेतृत्व में बदलबो छत्तीसगढ़ विजय यात्रा शुरू हुई। इस विजय यात्रा में प्रदेशभर से आए सैकड़ों आप नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। साइंस कालेज मैदान से निकलकर यह विजय यात्रा ईदगाह भाठा, पुरानी बस्ती होते हुए बूढ़ेश्वर मंदिर बूढ़ापारा में समाप्त हुई।
पंजाब में भारी जीत से उत्साहित
आम आदमी पार्टी को पंजाब में भारी जीत मिली है। अब तक पार्टी दिल्ली में दो बार अपनी सरकार बना चुकी है। इसके बाद पंजाब में इनका सफर शुरू हुआ और अब पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार है। पंजाब के बाद आप की नजर देश के दूसरे राज्यों पर है। इनमें से कुछ राज्यों के इस साल तो कुछ में अगले साल चुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ में अगले साल चुनाव होंगे।
आम आदमी पार्टी आने वाले चुनाव को देखते हुए अभी से रणनीति बना रही है। प्रदेश प्रभारी गोपाल राय का कहना है कि छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी की प्रायोरिटी वाला राज्य है। गोपाल राय का कहना है कि छत्तीसगढ़ भी दिल्ली व पंजाब की तरह हैं। यहां पर 15 साल भाजपा ने और पिछले 3 साल से कांग्रेस लोगों को धोखा देती अ रही है। यहां की जनता ने भी परिवर्तन का मन बना लिया है और अगले चुनाव में इसका असर दिखेगा।
सदस्यता अभियान पर भी जोर
आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी गोपाल राय ने सदस्यता अभियान पर भी जोर दिया है। उनका कहना है कि प्रदेश में व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाए। हर जिले में लोगों को पार्टी से जोड़ना है और पार्टी की विचारधारा अवगत कराना है। आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।